16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर लोक भवन देहरादून में राज्य स्तरीय राष्ट्रीय मतदाता दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने जिलाधिकारियों और ERO को उनके सराहनीय काम के लिए सम्मानित किया।
दरअसल 6वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों को मतदाता शपथ भी दिलाई। उन्होंने निर्वाचन गतिविधियों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, चम्पावत और बागेश्वर के जिलाधिकारियों को सम्मानित किया।
इसके साथ ही ईआरओ रुड़की, खटीमा और चकराता को प्री-एसआईआर के दौरान उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने स्टेट आईकॉन पद्मश्री बसंती बिष्ट, ओलपिंयन मनीष रावत और नुंग्शी मलिक को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर देहरादून के 18 साल की उम्र पूरी कर चुके नए मतदाताओं को मतदाता पत्र देकर राज्यपाल ने सम्मानित किया।
राज्यपाल ने कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों को संबोधित करते हुए सभी प्रदेशवासियों को राष्ट्रीय मतदाता दिवस की शुभकामनाएं दीं। अपने संबोधन में राज्यपाल ने कहा कि लोकतंत्र की सबसे बड़ी शक्ति सजग, जागरूक और सक्रिय नागरिक होते हैं। भारतीय संविधान ने प्रत्येक नागरिक को मताधिकार देकर लोकतंत्र को मजबूत करने की जिम्मेदारी सौंपी है। मतदान केवल एक अधिकार नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक और संवैधानिक कर्तव्य है।