प्रसिद्ध वृद्ध जागेश्वर धाम से दर्शन कर वापस लौट रहे श्रद्धालुओं की कार हादसे का शिकार हो गई. जहां मल्ली धौली और पनेट गांव के बीच एक कार करीब खाई में जा गिरी. गनीमत रही कि कार एक पेड़ पर अटक गई, जिससे कार में सवार पांच लोगों की जान बाल-बाल बच गई. हालांकि, हादसे में कार सवार सभी श्रद्धालुओं को चोटें आई हैं, जिनमें एक युवती को ज्यादा चोट लगने की सूचना है.
जानकारी के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के बरेली निवासी 5 लोग कार संख्या UP 25 CE 9499 से वृद्ध जागेश्वर से अल्मोड़ा की ओर आ रहे थे. इसी दौरान मल्ली धौली और पनेट गांव के बीच अचानक कार चालक ने ब्रेक लगा दिया, जिससे बर्फ जमी सड़क पर कार फिसल गई और अनियंत्रित होकर खाई की ओर जा गिरी. जो करीब 15 मीटर नीचे एक पेड़ पर जाकर रुक गई, जिससे बड़ा हादसा होने से बच गया.
बताया जा रहा है कि कार में चार युवक और एक युवती सवार थे. कार के खाई की ओर फिसलते ही चीख पुकार मच गई. इसी बीच हादसे की सूचना मिलते ही राहगीरों और स्थानीय लोगों ने पुलिस को जानकारी दी. सूचना पर पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची. पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया.
वहीं, पुलिस ने खाई में फंसे सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकालकर सड़क तक पहुंचाया. इसके बाद उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया. जबकि, गंभीर रूप से घायल युवती को विशेष निगरानी में रखा गया है. इस हादसे में कार सवार एक युवती को ज्यादा चोटें आई हैं. बाकी, युवकों मामूली चोटें आई हैं.
गौर हो कि बीते दिनों क्षेत्र में भारी बर्फबारी हुई थी. जंगलों और पहाड़ी सड़कों पर अब भी बर्फ जमी हुई है, जो पाले के कारण सख्त हो गई है. इससे सड़कें बेहद फिसलन भरी हो गई हैं.
ऐसे हालात में वाहनों के ब्रेक प्रभावी ढंग से काम नहीं कर पा रहे हैं, जिससे वाहन फिसलकर दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं. प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा के दौरान विशेष सावधानी बरतें और धीमी गति से वाहन चलाएं.