बर्फबारी के बाद पहाड़ों पर सैलानियों की भीड़, चकराता में लगा लंबा जाम

विकासनगर: उत्तराखंड में शुक्रवार को जमकर बर्फबारी हुई. बर्फबारी के बाद उत्तराखंड में सैलानियों का सैलाब उमड़ पड़ा. बड़ी संख्या में सैलानी उत्तराखंड की वादियों का रूख कर रहे है. देहरादून के चकराता क्षेत्र में भी जमकर बर्फबारी हुई है, जिस वजह से यहां भी बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचे हैं. इस वजह से चकराता में जाम की स्थिति भी बन गई है. चकराता और कालसी थाना पुलिस के जाम खुलवाने में पसीने छूटे.

बसंत पंचमी के दिन उत्तराखंड मे जमकर बर्फबारी हुई है. बर्फबारी का लुत्फ उठाने उत्तराखंड के हिल स्टेशनों पर सैलानियों का पंहुचना लगातार जारी हैं. हालांकि बर्फबारी की वजह से लोगों को कुछ परेशानियों का सामना भी करना पड़ रहा है.

वैसे सीजन की पहली बर्फबारी से जहां किसानों और बागवानों के चेहरे खिले हुए है तो वहीं होटल व्यवसाई और अन्य पर्यटन कारोबारी भी काफी खुश नजर आ रहे हैं. सैलानियों की भीड़ के कारण शनिवार 24 जनवरी को चकराता में कई किलोमीटर जाम लग गया है. जाम के झाम से निपटने के लिए जहां चकराता थाना पुलिस एक ओर फंसे वाहनों को किनारे करती हुई दिखाई दी तो वहीं कालसी थाना पुलिस भी चकराता मोटर मार्ग पर वाहनों को व्यवस्थित तरीकें से पास कर रही थी.

पर्यटक कर रहे मस्ती: बर्फबारी का लुत्फ उठाने के लिए सैलानी बर्फ के गोले बनाकर एक-दूसरे पर मारते हुए दिखाई दिए. कुछ सैलानी बर्फ में सेल्फी लेते हुए भी नजर आ रहे थे. बर्फबारी से चकराता की पर्वतमालाएं धूप में चांदी की चादर जैसे चमक उठी.

हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, चडीगढ़, हिमाचल के पांवटा साहिब और उत्तराखंड के देहरादून से भारी संख्या में आए सैलानी बर्फबारी देख काफी खुश नजर आए. चकराता घुमने आए सैलानियों ने बताया कि चकराता एक बहुत सुंदर जगह है. यहां चारों ओर हरियाली, प्राकृतिक सौंदर्य से लबालब ऊंची पर्वत मालाएं, देवदार, बांज और बुराशं के वृक्षों पर पड़ी बर्फबारी सुंदरता में चार चांद लगा देते है. हरियाणा से आई अपने परिवार के साथ एक युवती ने बताया कि चकराता बहुत ही अच्छा है. बर्फ बारी होने से अधिक वाहनों का दबाव होने से जाम की समस्या भी देखने को मिली है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *