हरिद्वार में आवारा कुत्तों का आतंक, स्कूल प्रबंधन ने अभिभावकों को लिखा, खतरे को लेकर किया अलर्ट

जगजीतपुर क्षेत्र के आसपास की कॉलोनियों में आवारा कुत्तों का आतंक बढ़ता जा रहा है. पिछले एक महीने में आवारा कुत्तों ने चार लोगों को काट लिया है. इसके बावजूद प्रशासन इन कुत्तों को नहीं पकड़ रहा है. कुत्तों के कारण लोगों का सड़क पर चलना तक मुश्किल हो गया है. यहां तक कि क्षेत्र में संचालित एक बड़े स्कूल ने कुत्तों के कारण बच्चों के अभिभावकों पत्र तक जारी कर दिया कि पैदल स्कूल आने जाने वाले बच्चों को उनके अभिभावक अपने साथ लेकर स्कूल आएं. छुट्टी होने पर स्कूल से वापस साथ लेकर ही जाएं.

लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद भी प्रशासन कुत्तों को पकड़ने की जहमत तक नहीं उठा रहा है. लोगों का आरोप है कि आवारा कुत्तों के राह चलते लोगों को काटने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं. आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या और हमला करने की घटनाओं से लोग भयभीत हैं. कुत्ते स्कूल के बच्चों और अभिभावकों को भी निशाना बना रहे हैं.

जगजीतपुर क्षेत्र की भगवतीपुरम् कालोनी निवासी एक महिला कालोनी में रिश्तेदारों से मिलने आयी थी. वापस लौटते समय महिला पर आवारा कुत्तों ने पीछे से हमला कर दिया. जगह-जगह नोंचकर बुरी तरह घायल कर दिया. कुछ दिन पूर्व भी आवारा कुत्तों ने बेटी को स्कूल छोड़कर वापस लौट रही राज विहार फेस-2 की रहने वाली एक महिला पर हमला कर घायल कर दिया था. लोगों ने बताया गलियों में आवारा कुत्तों की संख्या बहुत बढ़ गयी है.

कुत्तों के आतंक की वजह से घरों से बाहर निकलना और बच्चों को अकेले स्कूल भेजना भी मुश्किल हो गया है. बाहर खेल रहे बच्चों, बुजुर्गो, महिलाओं पर कुत्ते लगातार हमला कर रहे हैं. आरोप लगाया कि उन्होंने नगर निगम प्रशासन और सीएम पोर्टल पर शिकायत की। लेकिन कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया जा रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *