मसूरी माल रोड पर गरजा पालिका का बुलडोजर, अवैध निर्माण किया ध्वस्त

मसूरी: नगर पालिका परिषद मसूरी ने शहर में अतिक्रमण और अवैध निर्माण के खिलाफ सख्त रूख अख्तियार किया है. नगर पालिका ने माल रोड पर सड़क किनारे किए जा रहे अवैध निर्माण को जेसीबी की मदद से ध्वस्त कर दिया है. यह कार्रवाई नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी गौरव भसीन के नेतृत्व में की गई. उन्होंने कहा कि पालिका क्षेत्र में सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण या निर्माण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

नगर पालिका की टीम जब जेसीबी के साथ मौके पर पहुंची तो वहां सड़क किनारे लंबे समय से चल रहा निर्माण पाया गया, जिसे पूर्व में नोटिस देकर रोका गया था. कार्रवाई के दौरान निर्माण कार्य कर रहे ठेकेदार और अधिशासी अधिकारी के बीच तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली. हालांकि नगर पालिका की टीम ने पूरी सख्ती के साथ अवैध निर्माण को हटाया. अधिशासी अधिकारी गौरव भसीन ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि नगर पालिका क्षेत्र में सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण या निर्माण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

उन्होंने बताया कि माल रोड पर मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण द्वारा लगाई गई एंटीक रेलिंग को काटकर पिछले काफी समय से अवैध निर्माण किया जा रहा था. इस संबंध में पहले भी ठेकेदार को नोटिस जारी कर निर्माण रोकने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन ठेकेदार द्वारा मनमानी करते हुए निर्माण को पक्का कर दिया गया. इस पर नगर पालिका ने कड़ा कदम उठाते हुए उक्त अवैध निर्माण को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया. अधिशासी अधिकारी ने ठेकेदार को चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में यदि किसी भी प्रकार का अनधिकृत निर्माण किया गया तो कठोर कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने बताया कि मसूरी नगर पालिका द्वारा योजनाबद्ध तरीके से पूरे क्षेत्र का निरीक्षण किया जा रहा है और सरकारी भूमि पर किए गए कब्जों व निर्माणों को चिन्हित किया जा रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *