जमीन बेचने के नाम पर सर्वे ऑफ इंडिया के रिटायर्ड कर्मचारी के साथ लाखों की धोखाधड़ी

थाना नेहरू क्षेत्र में अलग-अलग दो व्यक्तियों को जमीन बेचने के नाम पर लाखों रुपए की धोखाधड़ी की गई. दोनों व्यक्तियों की शिकायत के आधार थाना नेहरू कॉलोनी में अलग-अलग दो मुकदमे दर्ज किए गए हैं. जिसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.

बता दें कि नेशविला रोड निवासी जयकृत सिंह ने थाना नेहरू कॉलोनी में शिकायत दर्ज कराई है कि वह सर्वे ऑफ इंडिया से रिटायर्ड हैं और उन्हें देहरादून में जमीन की तलाश थी. ऐसे नाम का संपर्क प्रदीप सकलानी से 4 सितंबर 2030 को हुआ था. प्रदीप सकलानी ने 241 वर्ग मीटर जमीन अजबपुर कला में दिखाई और जमीन के खतौनी भी दिखाई, जिससे उन्हें उस पर विश्वास हो गया. 1 अक्टूबर 2023 को गवाह अनिल सिंह राणा निवासी ठाकुरपुर के समक्ष जमीन का सौदा 74 लाख 71 हजार रुपए में हुआ था.

इस दौरान पीड़ित ने प्रदीप सकलानी को 30 लाख रुपए दे दिए और प्रदीप सकलानी ने कहा कि जिस दिन पूरी रकम आ जाएगी, उसी दिन जमीन की रजिस्ट्री कर देंगे. उसके बाद पीड़ित ने प्रदीप सकलानी को 33 लाख रुपए और दिए. इसके बाद में कुल 63 लाख रुपए की रकम प्रदीप सकलानी को दे चुके थे. रकम देने के बाद पीड़ित ने जब रजिस्ट्री करने की बात कही तो प्रदीप सकलानी टालता रहा और कहता रहा कि वह बहुत व्यस्त है, रजिस्ट्री कभी भी समय मिलने पर कर देंगे.

पीड़ित ने जब छानबीन की तो पता चला कि प्रदीप सकलानी कई मामलों में वांछित है और जमानत पर है. थाना नेहरू कॉलोनी प्रभारी संजीत कुमार ने बताया है कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर आरोपी प्रदीप सकलानी, निवासी टिहरी गढ़वाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है.

वहीं दूसरे मामले में केदार पुरम निवासी कैलाश चंद जोशी ने थाना नेहरू कॉलोनी में शिकायत दर्ज कराई है कि उन्होंने जमीन खरीदने के लिए महिला राजेश देवी निवासी अजबपुर कला और उसके पति अशोक कुमार से संपर्क किया था. आरोपियों ने केदारपुरम में एक प्लॉट दिखाया और 33 लाख 44 हजार रुपए ले लिए. आरोपियों ने कुछ समय बाद जमीन के रेट बढ़ा दिए और बाद में पता चला कि राजेश देवी ने किसी और को वह जमीन 27 लाख रुपए में बेच दी है. जब पीड़ित ने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपी उन्हें टालते रहे. थाना नेहरू कॉलोनी प्रभारी संजीत कुमार ने बताया है कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है. पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *