कांवड़ यात्रा शुरू होने के बाद से हरिद्वार में कांवड़ियों के उत्पात मचाने की खबरें लगातार सामने आ रही हैं. कांवड़ियों के भेष में कुछ अराजक तत्व सड़कों पर उपद्रव करते हुए नजर आ रहे है. कांवड़ियों के उत्पात मचाने का एक और वीडियो सामने आया है. वीडियो में कांवड़िए एक व्यक्ति पर अपना गुस्सा निकालते हुए दिखाई दे रहे हैं. हालांकि, पुलिस की जांच में यह वीडियो 13 जुलाई का बताया जा रहा है.
जानकारी देते हुए हरिद्वार एसपी क्राइम जितेंद्र मेहरा ने बताया कि मामला 13 जुलाई का है. जिसमें स्थानीय युवक और कांवड़ियों के बीच झगड़ा हुआ. जिस पर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है. एसपी क्राइम ने कहा कि अगर कोई कानून को अपने हाथ में लेगा तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. पुलिस द्वारा वीडियो की पड़ताल में घटना 13 जुलाई की सामने आई है.
इससे पहले भी कांवड़ियों के उत्पात मचाने का एक वीडियो सामने आया था. वीडियो में कांवड़िए एक महिला के साथ मारपीट करते हुए नजर आ रहे थे, जिसके बाद पुलिस ने भी इस वीडियो का संज्ञान लिया था और मामले में हरिद्वार के कनखल थाने में मुकदमा दर्ज किया था.
घटना के मुताबिक, वाहन पार्किंग को लेकर कांवड़ियों का स्थानीय महिला से विवाद हो गया था. इसके बाद कांवड़ियों के साथ मौजूद युवतियों ने महिला के साथ मारपीट करनी शुरू कर दी थी. कांवड़ियों ने महिला के साथ अभद्रता भी की. विवाद बढ़ा तो आसपास मौजूद लोग बीच में आए और मामले को शांत कराया था.
महिला से मारपीट की घटना से पहले कुछ कांवड़ियों ने हरकी पैड़ी के पास बाजार में भी उत्पात मचाया था. यहां भी कांवड़ियों की किसी बात पर दुकानदार से बहस हो गई थी, जिसके बाद दो कांवड़ियों ने चश्मे की दुकान में तोड़फोड़ की थी. पुलिस ने दुकानदार की शिकायत पर दो कांवड़ियों पर मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार भी किया था. ये मामला भी 13 जुलाई रात का है.