हरिद्वार जिले के लक्सर में बाइक सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ कई गोलियां चलाई, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई थी. बताया जा रहा है कि तीन बाइकों पर नौ लोग सवार होकर आए थे, जो मोहल्ले में कई राउंड फायरिंग करते हुए फरार हो गए. गनीमत रही की गोली किसी को लगी नहीं.
जानकारी के मुताबिक ये घटना शनिवार रात की है. बताया जा रहा है कि देर रात को लक्सर के सिमली मोहल्ले के वार्ड नंबर दो और तीन में लोग अपने घरों में बैठे हुए थे. तभी मोहल्ले के लोगों को अचानक कई राउंड गोलियां चलने की आवाज सुनाई. गोलियों की आवाज सुनकर मोहल्ले के लोग अपने घरों से बाहर आए तो देखा की तीन बाइकों पर नौ लोग सवार होकर हवाई फायरिंग करते हुए वहां से निकल गए.
इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल सा हो गया था. मोहल्ले में लोगों की भीड़ लग गई. साथ ही लोग काफी डरे हुए भी थे. स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को फोन किया. मामले की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू की.
पुलिस की सुरक्षा-व्यवस्था पर सवाल: बता दें कि हरिद्वार जिले में इन दिनों कांवड़ यात्रा चल रही है, जिसकी वजह से जिले भर में सुरक्षा-व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए है, लेकिन बदमाश अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे है. हालांकि इस तरह की घटनाएं से पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े होते है. वैसे पुलिस ने दावा किया है कि आरोपी को जल्द पकड़कर इस पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा.