नैनीताल जिले में शादी समारोह उस समय विवाद में बदल गया, जब सात फेरों से ठीक पहले दूल्हे ने विवाह करने से इनकार कर दिया. बारात का स्वागत हो चुका था, मेहमानों को भोजन भी कराया जा चुका था और शादी की अधिकांश रस्में पूरी हो गई थीं, लेकिन फेरों से पहले दूल्हे ने शादी करने से इंकार कर दिया. दुल्हन पक्ष ने दूल्हे और उसके परिजनों पर अतिरिक्त दहेज मांगने का आरोप लगाया है. सूचना पर पहुंची पुलिस दूल्हे को चौकी ले गई, जबकि बाराती वापस लौट गए.
हल्द्वानी के बिंदुखत्ता में एक परिवार की खुशियां उस समय मायूसी में बदल गईं, जब शादी के मंडप में सात फेरों से ठीक पहले दूल्हे ने विवाह करने से इनकार कर दिया. जिस घर में कुछ देर पहले तक शहनाइयां गूंज रही थीं और मेहमानों की चहल-पहल थी, वहां अचानक विवाद और हंगामे की स्थिति पैदा हो गई.
दरअसल, चकलुवा क्षेत्र से एक बारात बिंदुखत्ता के शास्त्री नगर नर्सरी पहुंची थी. लड़की पक्ष की ओर से बारात का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया. मेहमानों की आवभगत की गई और बारातियों को भोजन भी कराया गया. शादी की तैयारियां पूरी थीं और अधिकांश रस्में भी संपन्न हो चुकी थीं, लेकिन जब विवाह के सात फेरों की बारी आई तो दूल्हे ने अचानक शादी करने से मना कर दिया.
दूल्हे की ओर से अपनी मर्जी न होने की बात कहे जाने के बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया. दुल्हन पक्ष ने आरोप लगाया कि उन्होंने अपनी बेटी की शादी के लिए कर्ज तक लिया था. अपनी आर्थिक स्थिति के अनुसार काफी सामान भी दिया. इसके बावजूद दूल्हे पक्ष की ओर से अतिरिक्त दहेज की मांग की जा रही थी. लड़की पक्ष का आरोप है कि इसी वजह से दूल्हे ने ऐन वक्त पर शादी से इनकार कर दिया.