कांवड़ यात्रा में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए जिला प्रशासन ने देहरादून में ऋषिकेश और डोईवाला तहसील के विभिन्न क्षेत्रों कांवड़ यात्रा के संबंधित क्षेत्रों के राजमार्ग पर पड़ने वाले विद्यालयों में 23 जुलाई तक अवकाश घोषित किया है। यह निर्णय भीड़भाड़ के चलते किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के मद्देनजर लिया गया है।
अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) और मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण केके मिश्रा के आदेश में स्पष्ट किया गया है कि ऋषिकेश और इससे लगे जनपद के क्षेत्रों में कांवड़ यात्रा के प्रभाव से छात्रों को परेशानी हो सकती है। लिहाजा, नगर निगम ऋषिकेश के साथ ही हरिपुर कलां, रायवाला, प्रतीतनगर, नेपाली फार्म, श्यामपुर और राष्ट्रीय राजमार्ग के तहत आने वाले सभी शिक्षण संस्थान 21, 22 और 23 जुलाई को बंद रहेंगे। इसके दायरे में संबंधित क्षेत्रों के आंगनबाड़ी केंद्र भी आएंगे।

आदेश के अनुसार, ऋषिकेश क्षेत्र से गुजरने वाली कांवड़ यात्रा के दौरान भारी भीड़ और यातायात की दृष्टि से संभावित अव्यवस्थाओं को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। यात्रा मार्गों पर भीड़ नियंत्रण और विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनज़र तीन दिवसीय स्कूल बंदी जरूरी बताई गई है। प्रशासन के अनुसार 18 जुलाई से 23 जुलाई तक कांवड़ यात्रा अपने चरम पर रहेगी, और इस दौरान ऋषिकेश, हरिद्वार, लक्ष्मण झूला, मुनिकीरेती समेत कई स्थानों पर ट्रैफिक और व्यवस्था प्रभावित रह सकती है।