मोटरसाइकिल और ऑटो की आमने-सामने टक्कर, वजह आई सामने; मची अफरा-तफरी

उत्तराखंड के हरिद्वार में शुक्रवार को सड़क दुर्घटना में मोटरसाइकिल सवार और एक चरवाहा घायल हो गए। वीवीआईपी ड्यूटी की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने जा रहे वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नवनीत सिंह ने मौके पर पहुंचकर घायलों का रेस्क्यू कराया और उन्हें तत्काल अस्पताल भिजवाया।

जानकारी के अनुसार फाउंड्री गेट से भगतसिंह चौक के बीच एक चरवाहा अपनी बकरी के साथ सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान उसे बचाने के प्रयास में मोटरसाइकिल विपरीत दिशा से आ रहे ऑटो की चपेट में आ गई, जिससे मोटरसाइकिल सवार घायल हो गया और चरवाहे को भी चोटें आईं। घटना के समय क्षेत्र से गुजर रहे एसएसपी सिंह की नजर घायलों पर पड़ी। उन्होंने तुरंत 108 एंबुलेंस को मौके पर बुलाकर पुलिस कर्मियों की मदद से दोनों घायलों को मेला अस्पताल पहुंचाया।

चेतक पुलिस की सूचना पर घायल मोटरसाइकिल सवार के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। चिकित्सकों के अनुसार दोनों घायलों का उपचार मेला अस्पताल में चल रहा है और उनकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *