उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आ रहा है, जहां पर पारिवारिक क्लेश के चलते एक बुजुर्ग ने ट्रेन के आगे कूदकर अपनी जान दी है। घटना के बाद मृतक की बहू समेत चार आरोपियों पर मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार देहरादून के नेहरू कॉलोनी इंदरपुर चौक निवासी संजय सेमवाल ने न्यायालय में अपील की है। इस अपील में उन्होंने बताया कि उनका विवाह जनवरी 2026 में टिहरी जिले की मलेथा निवासी बसंती देवी के साथ धारी देवी मंदिर में हुआ था। संजय ने आरोप लगाया कि शादी के कुछ महीने बाद उनकी पत्नी ने उनके माता-पिता के साथ अभद्र व्यवहार करना शुरू कर दिया था और उन्हें बार-बार आत्महत्या के लिए उकसाया तथा दहेज के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकियां दी।
झूठे मुकदमे में ससुराल वालों को प्रताड़ित किए जाने पर संजय के पिता चंद्र मोहन सेमवाल ने बीते 18 मई को गोरखपुर रेलवे फाटक देहरादून के पास ट्रेन के आगे कूदकर अपनी जान दे दी। मृतक ने अपनी मृत्यु से पहले पूर्व देहरादून के एसएसपी और टिहरी गढ़वाल पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर सुरक्षा की गुहार लगाई थी। इस प्रार्थना पत्र में मौजूद नाम के आधार पर उनकी बहु बसंती देवी उसकी बहन आरती ,किरन और रतन बिष्ट को आरोपी बनाया गया है। बहु समेत चार लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया है जिसकी जांच पड़ताल जारी है।