सहस्रधारा रोड स्थित एटीएस हेवनली फुटहिल्स कॉलोनी के पास एक निर्माणाधीन बिल्डिंग की पांचवीं मंजिल से गिरकर संदिग्ध परिस्थितियों में पंकज मित्तल की मौत हो गई थी. अब मृतक पंकज मित्तल के परिजनों की शिकायत के आधार पर थाना रायपुर पुलिस ने मामले में बिल्डर पुनीत अग्रवाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. शिकायत में एक कारोबारी पर पंकज पर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया गया है.
शिकायत के मुताबिक, घटना 26 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब 11 बजे की है. एटीएस हेवनली फुटहिल्स कॉलोनी के पास एक निर्माणाधीन बिल्डिंग की पांचवीं मंजिल से गिरकर पंजाब के फतेहगढ़ साहिब पंकज मित्तल (उम्र 52 वर्ष) की मौत हो गई थी. मामले में पंकज के भाई जय मित्तल ने बताया कि उन्हें अपने भाई की मौत की सूचना मिली थी. देहरादून पहुंचने पर उनका भाई बिल्डिंग के नीचे गिरा हुआ मिला. शिकायत में ये भी कहा गया है कि मृतक ने एक सुसाइड नोट छोड़ा था.
शिकायतकर्ता के मुताबिक, सुसाइड नोट में पुनीत अग्रवाल का नाम लिखा गया है. आरोप है कि मृतक का संबंधित कारोबारी के साथ व्यापारिक लेन-देन था और उसे कथित तौर पर मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा था. परिजनों ने पुलिस से मामले की जांच कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.
मृतक पंकज मित्तल ने जिस बिल्डर पुनीत अग्रवाल पर गंभीर आरोप लगाए हैं, वो पहले से ही मारपीट और धमकाने के कई मामलों में चर्चाओं में रह चुका है. पुनीत अग्रवाल के खिलाफ मारपीट, जान से मारने की धमकी देने, पिस्टल लहराने समेत अन्य अपराधों में पांच मुकदमे दर्ज हैं. कुछ समय पहले जिलाधिकारी ने पुनीत अग्रवाल के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई की थी, लेकिन पुनीत अग्रवाल ने कमिश्नर कोर्ट से स्टे ले लिया था.
सहस्त्रधारा रोड स्थित एटीएस हेवनली फुटहिल्स कॉलोनी निवासी पंकज मित्तल की मौत से पहले उनके भेजे गए व्हाट्सएप संदेशों ने देहरादून के चर्चित बिल्डर सत्येंद्र सिंह साहनी उर्फ बाबा साहनी प्रकरण की याद ताजा कर दी है. दोनों मामलों में एक समांतर ये है कि मौत से पहले संबंधित व्यक्तियों की ओर से कथित आर्थिक विवाद, मानसिक तनाव और दूसरे लोगों पर गंभीर आरोप लगाए जाने की बात सामने आई है.