काशीपुर में युवती की गोली मारकर हत्या, पुलिस जांच में जुटी

उधम सिंह नगर जिले के काशीपुर महुआखेड़ा गंज क्षेत्र के वार्ड नंबर तीन स्थित मढैया देवी इलाके में बुधवार को एक युवती की गोली मारकर हत्या किए जाने का मामला सामने आने से सनसनी फैल गई है। मृतका की पहचान 22 वर्षीय मेहबिश पुत्री स्वर्गीय फरियाद हुसैन के तौर पर हुई है। घटना के बाद इलाके में तनाव और चर्चाओं का माहौल बना हुआ है।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक मेहबिश की गोली मारकर हत्या पड़ोस के एक मकान में किए जाने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि वारदात के बाद आरोपी युवती के शव को उसके घर पर छोड़कर वहां से निकल गया। उस समय घर में परिवार की महिलाएं मौजूद थीं। घटना की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले से जुड़े तथ्यों को जुटाना शुरू कर दिया।

पुलिस के मुताबिक घटना के बाद से आरोपी और उसके परिवार के सदस्य मौके पर नहीं मिले हैं। उनकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या के पीछे क्या वजह रही और वारदात किस परिस्थिति में हुई। मेहबिश अपने तीन भाई-बहनों में सबसे छोटी बताई जा रही है। युवती की मौत की खबर से परिवार में मातम पसरा हुआ है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। फॉरेंसिक टीम की जांच के बाद घटनास्थल से मिलने वाले वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जाएगा। सीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच और फॉरेंसिक परीक्षण के बाद ही घटना की वास्तविक वजह और पूरे घटनाक्रम के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस फरार बताए जा रहे आरोपी की तलाश के साथ-साथ मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *