पौड़ी की साधना स्वायत्त सहकारिता को ‘आत्मनिर्भर संगठन पुरस्कार 2024’ से किया जाएगा सम्मानित

स्वतंत्रता दिवस समारोह 2025 के अवसर पर साधना स्वायत्त सहकारिता समूह को ‘आत्मनिर्भर संगठन पुरस्कार 2024’ से सम्मानित किया जाएगा. यह सम्मान उन्हें ग्रामीण क्षेत्र में महिलाओं के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में किए गए उल्लेखनीय कार्यों के लिए प्रदान किया जा रहा है.

पौड़ी विकासखंड में ‘उत्तराखंड राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन’ और सहयोगी संस्था ‘हिमोत्थान सोसाइटी’ (टाटा ट्रस्ट) के सहयोग से 6 क्लस्टर लेवल फेडरेशन (सीएलएफ) का गठन किया गया. जिनमें साधना स्वायत्त सहकारिता भी शामिल है. इस सहकारिता ने अपने क्षेत्र में आजीविका संवर्धन को प्राथमिकता बनाते हुए डेयरी यूनिट की स्थापना की, जिससे महिलाओं को संगठित और आर्थिक रूप से सशक्त बनाया गया.

शुरुआत में दो ग्राम पंचायतों से जुड़ी महिलाओं की ओर से शुरू की गई इस पहल का विस्तार अब 5 ग्राम पंचायतों तक हो चुका है. आज 206 महिलाएं रोजाना दूध एकत्र कर डेयरी यूनिट तक पहुंचा रही हैं. जिससे महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर हो रही हैं.

डेयरी यूनिट से अब तक करीब 81 लाख रुपए की आय, जिसमें 4.60 लाख रुपए की शुद्ध कमाई हो चुकी है. कैफे यूनिट से 9 लाख रुपए की कुल आय और 3.20 लाख रुपए की कमाई हुई है. यह आंकड़े इस बात के जीवंत प्रमाण हैं कि जब महिलाएं संगठित होकर लक्ष्य निर्धारित करती हैं तो वे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को एक नई दिशा देने में सक्षम होती हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *