मंदिर से लौट रही महिला को हाइड्रा क्रेन ने मारी टक्कर, अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम, चालक फरार

उधम सिंह नगर के काशीपुर के टांडा उज्जैन क्षेत्र में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में मंदिर से पूजा कर घर लौट रहीं 52 वर्षीय महिला की मौत हो गई. महिला अपने घर के सामने स्थित शिव मंदिर से पूजा-अर्चना कर सड़क पार करते हुए घर जा रही थीं. इसी दौरान सामने से आ रही हाइड्रा क्रेन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं और उपचार के लिए अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई. सूचना पर पहुंची पुलिस ने हाइड्रा क्रेन को कब्जे में ले लिया, जबकि चालक मौके से फरार हो गया. पुलिस उसकी तलाश के साथ हादसे की जांच में जुटी है.

घटना के मुताबिक, टांडा उज्जैन निवासी सुनील यादव की पत्नी राज कुमारी यादव, उम्र 52 वर्ष, रविवार सुबह अपने घर के ठीक सामने स्थित शिव मंदिर में पूजा करने गई थीं. पूजा-अर्चना पूरी करने के बाद वह मंदिर से बाहर निकलीं और सड़क पार कर अपने घर की ओर जाने लगीं. इसी दौरान सामने से आ रही हाइड्रा क्रेन संख्या UK18 CA 4521 ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी.

हाइड्रा की टक्कर लगते ही महिला सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं. हादसा होते ही आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोग तत्काल महिला की मदद के लिए मौके पर पहुंचे. लोगों ने घटना की सूचना पुलिस और 108 एंबुलेंस को दी. कुछ ही देर में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल महिला को 108 एंबुलेंस के जरिए काशीपुर के राजकीय चिकित्सालय भेजा गया.

महिला की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही थी. एंबुलेंस से उन्हें अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी हालत बिगड़ गई और उन्होंने दम तोड़ दिया. राजकीय चिकित्सालय पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया. चिकित्सकों द्वारा मौत की पुष्टि किए जाने के बाद परिजनों को इसकी जानकारी दी गई.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *