रुद्रपुर रेलवे ट्रैक पर मिली लाश, धड़ से अलग था सिर, जांच में जुटी पुलिस – Kachchichithi

रुद्रपुर रेलवे ट्रैक पर मिली लाश, धड़ से अलग था सिर, जांच में जुटी पुलिस

उधम सिंह नगर के रुद्रपुर में रिंग रोड के नीचे रेलवे ट्रैक के पास करीब 25 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया. युवक का सिर और धड़ अलग-अलग स्थानों पर पड़े मिले. सूचना मिलते ही पंतनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई. फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है. प्रथम दृष्टया पुलिस ट्रेन से कटने के कारण युवक की मौत होने की आशंका जता रही है. हालांकि, मौत की असली वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी. फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है.

घटना के मुताबिक, रिंग रोड के नीचे रेलवे ट्रैक के पास युवक का शव मिलने की सूचना स्थानीय लोगों के माध्यम से पुलिस को मिली थी. बताया जा रहा है कि रेलवे ट्रैक के एक ओर युवक का धड़ पड़ा हुआ था, जबकि दूसरी ओर उसका सिर मिला. शव की इस स्थिति को देखकर मौके पर पहुंचे लोग भी हैरान रह गए. घटना की खबर फैलते ही घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुटने लगी.

सूचना मिलते ही पंतनगर थाना पुलिस के साथ पंतनगर-सिडकुल प्रभारी निरीक्षक हेमंत कठैत भी मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही आसपास के क्षेत्र की जानकारी जुटाई. वहीं, फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर बारीकी से जांच की और आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए, ताकि युवक की मौत से जुड़ी परिस्थितियों का पता लगाया जा सके.

रुद्रपुर में रोडवेज बस स्टेशन के पास युवक पर हुए जानलेवा हमले के मामले में घायल युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई. आरोप है कि तीन युवकों ने पहले राजेश के साथ गाली-गलौज की और फिर जान से मारने की नीयत से उसके सिर पर पत्थर से ताबड़तोड़ कई वार कर दिए. हमले में गंभीर रूप से घायल राजेश बेहोश हो गया था. उसके नाक और मुंह से खून बहता देख आरोपी उसे मरा हुआ समझकर मौके से फरार हो गए. घायल राजेश ने सुशीला तिवारी अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया. पुलिस ने मृतक की मां की तहरीर पर तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, रम्पुरा वार्ड नंबर 22 निवासी सुनीता पत्नी स्वर्गीय छोटे लाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके पुत्र राजेश के साथ रोडवेज स्थित अमन टी स्टॉल के सामने तीन युवकों ने विवाद किया था. आरोप है कि तीनों युवकों ने पहले राजेश के साथ गाली-गलौज की. इसके बाद विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से उसके सिर पर पत्थर से कई बार हमला कर दिया.

हमला इतना गंभीर था कि राजेश मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा. उसके सिर में गंभीर चोटें आईं और नाक तथा मुंह से खून बहने लगा. आरोप है कि राजेश की हालत देखकर तीनों आरोपी उसे मरा हुआ समझ बैठे और बाइक से मौके से फरार हो गए. इसके बाद गंभीर रूप से घायल राजेश को उपचार के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद उसकी जान नहीं बच सकी और उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई.

मृतक की मां सुनीता की तहरीर पर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. आरोपियों में गौरव कुमार पुत्र रविंद्र कुमार निवासी ग्राम खेड़ा, जिला मेरठ, उत्तर प्रदेश, प्रेम प्रशांत पुत्र आजाद सिंह निवासी समर गोपालपुर, जिला रोहतक हरियाणा और चेतन वर्मा पुत्र किशोर लाल वर्मा निवासी आवास विकास, ट्रांजिट कैंप, रुद्रपुर शामिल है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *