तीन लोगों ने दो भाइयों पर किया तलवार से हमला, एक का हाथ 90 फीसदी कटा, दूसरे की कोहनी टूटी

देहरादून: शहर के कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत पार्क रोड इलाके में पैसों के हिसाब-किताब को लेकर हुए विवाद के बाद दो युवकों पर तलवार से जानलेवा हमला किया गया. घटना में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हुए हैं. पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. एक युवक का हाथ करीब 90 प्रतिशत तक शरीर से अलग हो गया. जबकि दूसरे की कोहनी बुरी तरह टूटने के साथ हाथ कट गया. दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया. जहां से उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया.

पुल पार्क रोड निवासी कुलविंदर सिंह ने नगर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई कि 13 अगस्त 2026 की रात करीब 12 बजे जसप्रीत सिंह ने ऋतिक मेहता और कार्तिक मेहता दोनों भाइयों को पैसों के हिसाब-किताब के लिए पार्क रोड स्थित अपने घर के पास बुलाया था. वहां पहुंचने पर जसप्रीत सिंह, हरदयाल सिंह और वंश राठी ने ऋतिक मेहता और कार्तिक मेहता पर तलवार समेत धारदार हथियार से हमला कर दिया.

आरोप है कि जसप्रीत सिंह और हरदयाल सिंह ने तलवार से दोनों के सिर पर वार किए. हमले से बचने के दौरान कार्तिक मेहता के हाथ पर तलवार लगी, जिससे उसका एक हाथ करीब 90 प्रतिशत तक शरीर से अलग हो गया. वहीं ऋतिक मेहता के हाथ की कोहनी बुरी तरह टूट गई और हाथ कट गया. हमले में दोनों युवक बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े.

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि घायल होने के बाद भी तीनों आरोपी दोनों भाइयों को पीटते रहे और जान से मारने की धमकी देते रहे. आसपास के लोगों ने किसी तरह दोनों युवकों को आरोपियों से छुड़ाया. इस घटना के दौरान दोनों भाइयों के दोस्त कुलविंदर सिंह भी मौके पर थे. इसके बाद उन्हें इलाज के लिए दून अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने गंभीर चोटों को देखते हुए दोनों को हायर सेंटर रेफर कर दिया. बाद में दोनों को मसूरी रोड स्थित मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका ऑपरेशन किया जा रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *