उधम सिंह नगर के किच्छा में बैंक खाते से बिना जानकारी और अनुमति के 17 लाख 55 हजार 847 रुपए निकाले जाने का मामला सामने आया है. पीड़ित को मोबाइल पर पेमेंट कटने का मैसेज मिला, जिसके बाद उसे खाते से बड़ी रकम निकलने की जानकारी हुई. पीड़ित ने अज्ञात व्यक्ति पर चेक के माध्यम से रकम निकालने का आरोप लगाया है. शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है. बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपी की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं.
पुलिस को दी शिकायत में किच्छा के बरेली रोड निवासी मयंक गोयल पुत्र कैलाश चंद गोयल, निवासी बरेली रोड किच्छा ने बताया कि, 7 अगस्त 2026 को उनके साथ धोखाधड़ी की घटना हुई. उनके बैंक खाते से उनकी जानकारी और अनुमति के बिना चेक के माध्यम से 17 लाख 55 हजार 847 रुपए की रकम निकाल ली गई. पीड़ित के अनुसार, उन्हें इस लेनदेन की पहले कोई जानकारी नहीं थी. अचानक मोबाइल पर पेमेंट कटने का संदेश आने के बाद उन्होंने खाते की जानकारी जांची तो लाखों रुपए निकाले जाने का पता चला.
मयंक गोयल का कहना है कि, उन्होंने इतनी बड़ी रकम निकालने के लिए किसी व्यक्ति को कोई अनुमति नहीं दी थी. उन्होंने बैंक खाते से संबंधित चेक भी किसी अज्ञात व्यक्ति को रकम निकालने के लिए अधिकृत नहीं किया था. इसके बावजूद उनके खाते से चेक के माध्यम से धनराशि निकाल ली गई. मामले की जानकारी होने के बाद उन्होंने बैंक से लेनदेन संबंधी जानकारी जुटाने का प्रयास किया और इसके बाद पुलिस से शिकायत की.
पीड़ित ने पुलिस को दी तहरीर में पूरे मामले की जांच कर खाते से रकम निकालने वाले व्यक्ति की पहचान करने और उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है. साथ ही उन्होंने अपनी धनराशि को सुरक्षित कराने और वापस दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई किए जाने का अनुरोध किया है.
मामले में पुलिस बैंक रिकॉर्ड और संबंधित चेक की जानकारी जुटा रही है. इसके साथ ही बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है. पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि रकम निकालने के लिए चेक का इस्तेमाल किसने किया और बैंक से संबंधित प्रक्रिया के दौरान कौन-कौन लोग मौजूद थे. सीसीटीवी फुटेज और बैंक दस्तावेजों के आधार पर आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है.