15 अक्टूबर तक गड्ढा मुक्त होंगी उत्तराखंड की सड़कें, PWD ने तैयार किया एक्शन प्लान

उत्तराखंड में मानसून के दौरान खराब हुई सड़कों को गड्ढा मुक्त करने के लिए लोक निर्माण विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं. मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद विभाग ने प्रदेशभर में सड़कों की स्थिति का आकलन कर अभियान का विस्तृत प्लान तैयार किया है.

PWD सचिव पंकज पांडे ने बताया मुख्यमंत्री ने विभाग से अपेक्षा की है कि 15 अक्टूबर तक प्रदेश की सभी सड़कों को गड्ढा मुक्त कर दिया जाए. इसी लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए विभागीय स्तर पर डिटेल डिस्कशन कर कार्ययोजना तैयार की गई है. PWD सचिव के मुताबिक प्रदेश के अलग-अलग डिवीजनों को इस संबंध में जानकारी दे दी गई है. प्रत्येक डिवीजन के लिए लक्ष्य भी निर्धारित कर दिए गए हैं. अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि सड़क मरम्मत से संबंधित प्रिक्योरमेंट की तैयारियां अगस्त महीने के अंत तक पूरी कर ली जाएं, ताकि मौसम अनुकूल होते ही काम को तेजी से धरातल पर उतारा जा सके.

विभाग का मानना है कि करीब 15 सितंबर तक बारिश की स्थिति में कमी आने की संभावना है. ऐसे में तब तक सड़कों पर गड्ढों का चिन्हीकरण, आवश्यक आकलन और टेंडरिंग सहित अन्य प्रक्रियाएं पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है. पंकज पांडे ने बताया विभाग की कोशिश है कि बारिश रुकने के बाद काम शुरू करने में किसी तरह की प्रशासनिक या टेंडर संबंधी बाधा सामने न आए. इसके लिए पहले से ही सभी तैयारियां पूरी की जा रही हैं. उन्होंने कहा जैसे ही मौसम काम करने की अनुमति देगा, संबंधित क्षेत्रों में सड़क मरम्मत का काम शुरू कर दिया जाएगा.

उन्होंने स्पष्ट किया कि 31 अगस्त के बाद यदि किसी सड़क पर नए गड्ढे सामने आते हैं तो उनके लिए सितंबर महीने में प्रक्रिया पूरी की जाएगी. विभाग चाहता है कि 31 अगस्त तक सामने आ चुके गड्ढों और सड़क क्षति से संबंधित अधिकांश प्रक्रियाएं पहले ही पूरी कर ली जाएं. जिससे मानसून के बाद काम में तेजी लाई जा सके. PWD सचिव ने कहा विभाग मुख्यमंत्री की ओर से दिए गए लक्ष्य के अनुरूप काम पूरा करने के लिए पूरी ताकत से जुटा हुआ है. विभाग की कोशिश रहेगी कि 15 अक्टूबर की समयसीमा का इंतजार किए बिना ही अधिक से अधिक सड़कों की मरम्मत पूरी कर दी जाए. इसके लिए फील्ड स्तर पर अधिकारियों को जिम्मेदारी और लक्ष्य दोनों दिए गए हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *