पीएम मोदी के उत्तराखंड के चंपावत दौरे से पहले लेटर वायरल

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तराखंड के चंपावत जिले के लोहाघाट आगमन से पहले शहर में एक वायरल पत्र को लेकर चर्चाएं हैं। यह पत्र एक चायवाले का है, जो उन्होंने पिछले साल पीएम मोदी को भेजा था। इसमें चायवाले ने मोदी से लोहाघाट के मायावती स्थित अद्वैत आश्रम आने का आग्रह किया है।

अब पीएम का कार्यक्रम लगभग तय है। तो लोगों का मानना है कि चाय वाले के मन की बात पीएम मोदी ने सुन ली। यह वायरल पत्र पिछले साल 18 सितंबर का है। जो चम्पावत नेशनल हाईवे पर लोहाघाट बाजार में गैस गोदाम के पास चाय का खोखा लगाने वाले मदन मोहन खोलिया (50) ने प्रधानमंत्री मोदी को भेजा था।

मदन मोहन ने पीएम को पत्र में लिखा था कि वह लोहाघाट क्षेत्र के निवासी हैं और एनएच किनारे खोखा लगाकर चाय बेचते हैं। इससे ही वह परिवार की गुजर बसर करते हैं। पत्र में उन्होंने पीएम से अनुरोध किया है कि लोहाघाट से मात्र 12 किलोमीटर दूरी पर स्वामी विवेकानंद की तपस्थली रहा मायावती आश्रम है।

मदन मोहन ने पीएम से एक बार यहां जरूर आने का अनुरोध अपने पत्र में किया था। अंत में मदन मोहन ने लिखा था कि ‘मोदी जी, आपने केदारनाथ में योग साधना की है। एक बार मायावती आश्रम भी जरूर आएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *