देहरादून में पत्नी की हत्या का आरोपी पति गिरफ्तार, सहारनपुर से खरीदा था हथियार

उत्तराखंड के देहरादून जिले में पत्नी की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी पति धीरज को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी को अपनी पत्नी काजल के किसी अन्य व्यक्ति से संबंध होने का संदेह था। इसी बात को लेकर दंपती के बीच पिछले कुछ समय से विवाद चल रहा था। दोनों के बीच तलाक को लेकर भी पारिवारिक स्तर पर बातचीत चल रही थी और वे अलग-अलग रह रहे थे.

पुलिस के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब छह बजे धीरज ने कंट्रोल रूम में फोन करके पत्नी को गोली मारने की जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद क्लेमेनटाउन थाना पुलिस और एसओजी की टीम सक्रिय हुई। फोन करने के कुछ समय बाद आरोपी ने अपना मोबाइल बंद कर दिया और देहरादून से दिल्ली की ओर चला गया। पुलिस ने तकनीकी जांच के आधार पर उसकी गतिविधियों का पता लगाने का प्रयास जारी रखा। बुधवार सुबह धीरज देहरादून में अपने एक दोस्त से मिलने पहुंचा, जहां पुलिस ने उसे पकड़ लिया.

मामला क्लेमेनटाउन थाना क्षेत्र का है। पुलिस की जांच में सामने आया कि काजल मित्तल लेन इलाके में एक मकान की देखरेख का काम करती थी। इसी क्षेत्र में एक प्लॉट के भीतर बने कमरे से उसका शव बरामद किया गया। पुलिस ने घटनास्थल पर फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को बुलाकर जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने के साथ ही घटनास्थल से मिले अन्य सुरागों की भी जांच की जा रही है।

परिजनों के अनुसार, काजल की शादी धीरज से कुछ साल पहले हुई थी। पिछले करीब तीन महीनों से दोनों के बीच रिश्ते को लेकर तनाव बना हुआ था। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि धीरज को पत्नी के दूसरे लोगों से संपर्क को लेकर शक था। इसी संदेह के चलते दोनों के बीच विवाद बढ़ता गया। काजल मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के पुरकाजी थाना क्षेत्र के मेघा शकरपुर गांव की रहने वाली थी। उसके भाई अभिषेक का घर भी देहरादून के सुभाष नगर स्थित ईदगाह रोड इलाके में है।

पुलिस पूछताछ में यह जानकारी सामने आई है कि वारदात में इस्तेमाल किया गया कथित हथियार आरोपी ने सहारनपुर से खरीदा था। फिलहाल पुलिस असलहे को बरामद करने के लिए तलाश कर रही है। क्लेमेनटाउन थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर वारदात के पीछे की परिस्थितियों, हथियार की बरामदगी और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में उपलब्ध साक्ष्यों और फॉरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *