रामनगर में संदिग्ध हालात में मिला अधेड़ का शव, इलाके में फैली सनसनी

खताड़ी क्षेत्र में रविवार को उस समय सनसनी फैल गई जब एक अधेड़ व्यक्ति का शव उसके घर के कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला. शव कई घंटे पुराना होने के कारण उससे दुर्गंध आ रही थी. मृतक के चेहरे व हाथ झुलसे हुए दिखाई दे रहे थे. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. जिसके बाद मामले की जांच शुरू की गई. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा.

जानकारी के अनुसार रामनगर के मोहल्ला खताड़ी स्थित नॉर्मल स्कूल के समीप रहने वाले लगभग 65 वर्षीय मोबिन कुरैशी ई-रिक्शा चलाकर अपना जीवनयापन करते थे. बताया जा रहा है कि उनकी पत्नी इन दिनों अपने मायके गई हुई थी. शनिवार रात मोबिन रोज की तरह ई-रिक्शा लेकर घर पहुंचे. वाहन को घर के बाहर खड़ा कर चार्जिंग पर लगा दिया. रविवार सुबह जब काफी देर तक वह घर से बाहर नहीं निकले. ई-रिक्शा भी उसी स्थान पर खड़ी रही तो आसपास के लोगों को चिंता हुई.

पड़ोसियों ने जब घर के भीतर जाकर देखा तो मोबिन कुरैशी का शव कमरे में पलंग पर पड़ा मिला. शव काफी हद तक सड़-गल चुका था. उससे तेज दुर्गंध आ रही थी. इतना ही नहीं, मृतक के चेहरे और हाथ भी झुलसे हुए दिखाई दिए. जिससे मामले ने और भी रहस्यमय रूप ले लिया. शव मिलने की खबर फैलते ही इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई और पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया.

घटना की सूचना मिलने पर कोतवाल सुशील कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घर में रहने वाले अन्य परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की. प्रारंभिक जांच में परिजनों ने बताया मोबिन कुरैशी लंबे समय से बीमार रहते थे. उन्हें पैरालिसिस की समस्या थी. जिसका उपचार चल रहा था.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *