देहरादून जिले के मसूरी में एक दर्दनाक सड़क हादसे में पानी के टैंकर चालक की मौत हो गई. मसूरी-देहरादून मार्ग पर गज्जी बैंड के पास पानी से भरा टैंकर अचानक अनियंत्रित होकर करीब 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरा. हादसे के बाद क्षेत्र में अफरातफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी. सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने खाई से चालक को निकाला और हॉस्पिटल भेजा. जहां डॉक्टरों की टीमने चालक को मृत घोषित कर दिया. जिसके बाद पुलिस ने आगे की कार्रवाई तेज कर दी है.
सुबह करीब 6 बजे बजे टैंकर संख्या यूए-07-एल-4065, जो मसूरी झील से पानी भरकर मसूरी की ओर आ रहा था, गज्जी बैंड के पास अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया है. सूचना मिलते ही कोतवाली मसूरी पुलिस आपदा उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची और स्थानीय नागरिकों की मदद से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया. पुलिस और स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद घायल चालक को खाई से सुरक्षित बाहर निकाला और तत्काल निजी वाहन से सिविल अस्पताल मसूरी पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान चालक ने दम तोड़ दिया.
मृतक की पहचान अक्षय असवाल पुत्र प्रेम सिंह असवाल निवासी ग्राम सभा दुधई, ब्लॉक सहसपुर, जनपद देहरादून, उम्र लगभग 25 वर्ष के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि हादसे के समय टैंकर पूरी तरह पानी से भरा हुआ था. दुर्घटना की सूचना मिलते ही टैंकर मालिक साहेब सिंह थापली भी मौके पर पहुंच गया. पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है. मसूरी पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है, हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है. पुलिस द्वारा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है. हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि मसूरी-देहरादून मार्ग पर कई स्थानों पर तीखे मोड़, संकरी सड़क और सुरक्षा इंतजामों की कमी के कारण दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है. लोगों ने प्रशासन से मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, क्रैश बैरियर लगाने और चेतावनी संकेत बढ़ाने की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके.