हल्द्वानी तीनपानी फ्लाईओवर कार एक्सीडेंट, उपचार के दौरान एक और स्टूडेंट की मौत, रफ्तार ने खत्म कर दी तीन जिंदगियां – Kachchichithi

हल्द्वानी तीनपानी फ्लाईओवर कार एक्सीडेंट, उपचार के दौरान एक और स्टूडेंट की मौत, रफ्तार ने खत्म कर दी तीन जिंदगियां

नैनीताल के हल्द्वानी शहर के तीनपानी फ्लाईओवर पर हुए दर्दनाक हादसे में अब तक तीन नाबालिगों की मौत हो चुकी है. जबकि कार सवार एक युवती को भी गंभीर चोट आई है, जिसका उपचार जारी है. जिस उम्र में इन बच्चों को अपने भविष्य की नींव रखनी थी, उस उम्र में तीन घरों के चिराग बुझ गए.

हल्द्वानी के तीनपानी फ्लाईओवर पर एक कार हादसे में सड़क पर बिखरे खून और हादसे निशान के बीच तीन किशोरों के सपने खत्म हो गए. शुक्रवार, 23 अक्टूबर को दोपहर करीब 3 बजकर 25 मिनट पर फोर्ड फिगो कार अनियंत्रित होकर पलट गई और डिवाइडर से जा टकराई. हादसा इतना भीषण था कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.

इस दुर्घटना में उत्कर्ष धपोला (16) और सिद्धांत पाठक (16) की शुक्रवार को मौत हो गई. जबकि प्रांजल मावड़ी (17) ने शनिवार को इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. हादसे में भाविका (16) को गंभीर चोट आई है. जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है. सिद्धांत पाठक शुक्रवार को अपनी मां पुष्पलता पाठक से यह कहकर घर से निकला था कि वह अपने करीबी दोस्त उत्कर्ष धपोला से मिलने जा रहा है.

ये दोस्त साथ में कोचिंग करते थे और जेईई की परीक्षा पास कर इंजीनियर बनने का सपना देख रहे थे. इसी दौरान उनकी दोस्ती प्रांजल और भाविका से हुई. चारों की दोस्ती और भविष्य की उम्मीदें जुड़ी हुई थीं. लेकिन तीनपानी फ्लाईओवर का वह सफर उनके परिवारों के लिए कभी न भूलने वाला दर्द बन गया. प्रांजल के पिता भीमताल में प्रोफेसर हैं, जबकि उसका बड़ा भाई एयरफोर्स में देश की सेवा कर रहा है.

परिवार को प्रांजल से भी बड़ी उम्मीदें थीं. वहीं, उत्कर्ष के पिता शैलेंद्र ने हाल ही में नई कार खरीदी थी. करीब एक साल पहले बागेश्वर से हल्द्वानी आकर बसे परिवार ने बेटे के बेहतर भविष्य के लिए नए सपने संजोए थे. सिद्धांत के घर में भी अब उस बेटे की यादें रह गई हैं, जो दोस्त से मिलने की बात कहकर निकला था.

पुलिस के मुताबिक, कार बाईपास रोड पर गोलापुल की ओर से लालकुआं की तरफ जा रही थी. तीनपानी फ्लाईओवर में अत्यधिक गति से चालक ने एक कार को ओवरटेक करना चाहा, लेकिन इस दौरान चालक कार पर नियंत्रण नहीं रख पाया और वाहन कई बार पलटने के बाद डिवाइडर से टकरा गया.

हादसे के बाद एसएसपी ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना और इलाज की जानकारी ली. पुलिस मामले में वैधानिक कार्रवाई कर रही है. एसएसपी ने लोगों से निर्धारित गति सीमा का पालन करने और वाहन चलाते समय सावधानी बरतने की अपील की है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *