काठगोदाम क्षेत्र के लमजाला गांव में सड़क हादसा हुआ है. एक थार वाहन अनियंत्रित होकर करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरा. हादसे में वाहन सवार एक युवक और युवती घायल हो गए. सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ, फायर सर्विस और स्थानीय ग्रामीणों ने संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाया. दुर्गम खाई में उतरकर दोनों घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और 108 एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया. दोनों की हालत सामान्य बताई गई है.
हल्द्वानी के काठगोदाम क्षेत्र में एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है. ग्राम सभा लमजाला में एक थार वाहन करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरा. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. वाहन में एक युवक और एक युवती सवार थे, जो दुर्घटना में घायल हो गए. सूचना मिलते ही काठगोदाम पुलिस ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया.
जानकारी के मुताबिक, 22 अक्टूबर को काठगोदाम कोतवाली क्षेत्र के लमजाला गांव में थार वाहन संख्या UK04AR1001 के खाई में गिरने की सूचना पुलिस को मिली. सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह चौहान पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. इसके साथ ही एसडीआरएफ, हल्द्वानी फायर सर्विस और यातायात निरीक्षक भूपेश पांडे भी मौके पर पहुंचे.
हादसे की गंभीरता को देखते हुए पुलिस, एसडीआरएफ, फायर सर्विस और स्थानीय ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाया. करीब 150 मीटर गहरी और दुर्गम खाई में उतरना बचाव दल के लिए चुनौतीपूर्ण था. इसके बावजूद टीमों ने समन्वय के साथ अभियान चलाते हुए वाहन में फंसे दोनों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया.
घायलों की पहचान 29 वर्षीय नीरज सिंह रजवार, निवासी भोटिया पड़ाव, हल्द्वानी और 29 वर्षीय रिचा शाह, निवासी आवास विकास, हल्द्वानी के रूप में हुई है. दोनों को 108 एंबुलेंस की मदद से उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया. प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों की स्थिति सामान्य बताई गई है.