देहरादून के चकराता विधानसभा क्षेत्र के वायरल ऑडियो मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. त्यूणी निवासी बालक राम की शिकायत पर चकराता कांग्रेस विधायक प्रीतम सिंह के भाई एवं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष चमन सिंह और पूर्व ब्लॉक प्रमुख राजपाल सिंह के खिलाफ त्यूणी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है. दोनों पर गाली-गलौज और आपराधिक धमकी देने के आरोप हैं.
पीड़ित बालक राम ने पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मधु चौहान और अन्य भाजपा नेताओं के साथ एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल से मुलाकात कर शिकायत दर्ज कराई थी. एसएसपी ने मामले में नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया था. इसके बाद आज 25 अक्टूबर को पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
शिकायत के मुताबिक, ऊर्जा निगम में दैनिक वेतन भोगी कर्मचारी बालक राम का आरोप है कि उन्हें फोन कॉल कर उनकी दोनों बेटियों को कांग्रेस में शामिल करने के लिए दबाव बनाया गया. इस दौरान उनके साथ कथित तौर पर गाली-गलौज की गई और मारने की धमकी भी दी गई.
मामले को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी पीड़ित की बेटी दीक्षा से 24 अक्टूबर को फोन पर बातचीत की थी और सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया था.