तीर्थनगरी ऋषिकेश के त्रिवेणी घाट के पास नाव घाट पर रविवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया. जहां अपने दोस्तों के साथ गंगा स्नान करने आया देहरादून का एक 17 साल का छात्र अचानक गहरे पानी में जाने से डूब गया. इस घटना के बाद से मौके पर हड़कंप मच गया है.
घटना की सूचना मिलते ही जल पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर छात्र की तलाश में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है. पुलिस के मुताबिक, डूबने वाले छात्र की पहचान आयुष थापा के रूप में हुई है, जो देहरादून का रहने वाला है और कक्षा 11 वीं का छात्र है.
बताया जा रहा है कि रविवार की सुबह करीब 7:45 बजे आयुष अपने तीन अन्य दोस्तों के साथ ऋषिकेश पहुंचा था. त्रिवेणी घाट के पास नाव घाट पर सभी दोस्त गंगा में नहा रहे थे, तभी अचानक आयुष का संतुलन बिगड़ गया और वो तेज बहाव की चपेट में आकर गंगा में डूब गया.
आयुष और उसके दोस्त यहां किसी बात की खुशी मनाने और घूमने आए थे, लेकिन पल भर में ही खुशियों का माहौल मातम में बदल गया. हादसे के बाद से आयुष के साथ आए दोस्त बेहद डरे और सहमे हुए हैं. पुलिस ने एक बार फिर घाटों पर आने वाले पर्यटकों और स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे गंगा के तेज बहाव और गहरे पानी में जाने से बचें और सुरक्षा नियमों का पालन करें.
गौर हो कि आज ही यानी 24 मई को कर्णप्रयाग में 15 साल की अमृता नाम की लड़की भी पिंडर नदी में डूब गई. जिससे उसकी जान चली गई. हादसा उस वक्त हु, जब वो पिंडर नदी किनारे नहा रही थी. तभी उसका पैर फिसल गया और तेज धारा में बहकर डूब गई. जिसका शव कुछ देर बाद मिला.