उत्तराखंड में पवित्र चार धाम यात्रा के शुभारंभ के साथ ही आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा है. देश-विदेश से हजारों श्रद्धालु रोजाना हिमालय की गोद में बसे बदरीनाथ धाम पहुंचकर भगवान विष्णु के अवतार बदरी विशाल के दर्शन कर रहे हैं. इसी क्रम में आज बुधवार 29 अप्रैल को विश्व प्रसिद्ध सूफी गायक कैलाश खेर भी नारायण की नगरी पहुंचे और विधिवत पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया.
अपनी तीसरी बदरीनाथ यात्रा के अनुभव साझा करते हुए कैलाश खेर ने कहा कि यहां की दिव्यता, प्राकृतिक सौंदर्य और आध्यात्मिक ऊर्जा मन को अभिभूत कर देती है. उन्होंने कहा कि इस पावन धाम की ऊंचाई और व्यवस्थाओं को देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि मानों हम साक्षात देवलोक में प्रवेश कर चुके हो.
गायक ने विशेष रूप से चमोली पुलिस और प्रशासन की व्यवस्थाओं की प्रशंसा करते हुए कहा कि प्रतिदिन 15 से 20 हजार श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बावजूद व्यवस्था बेहद सुचारू है. कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में तैनात जवानों का व्यवहार न केवल अनुशासित बल्कि अत्यंत विनम्र और सहृदय है. उन्होंने कहा कि ड्यूटी पर तैनात जवानों का आत्मीय व्यवहार हर श्रद्धालु के मन में सुरक्षा और सम्मान का भाव जगाता है.
प्रशासन की ओर से भी यह स्पष्ट संदेश दिया गया है कि हर श्रद्धालु की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है. प्रयास यही है कि बाबा बदरी विशाल के दरबार में आने वाला हर भक्त सुखद अनुभव और पावन स्मृतियों के साथ लौटे.
संगीत और भक्ति का यह अद्भुत संगम न केवल कैलाश खेर की आध्यात्मिक आस्था को दर्शाता है, बल्कि यह भी बताता है कि चार धाम यात्रा आज भी लोगों के दिलों में उतनी ही गहरी आस्था और विश्वास का केंद्र है, जहां हर कदम पर दिव्यता, सेवा और समर्पण का अनुभव होता है.