रुद्रपुर में ट्रैक्टर-ट्रॉली में भीषण आग, हाईटेंशन लाइन से टकराने पर भड़की चिंगारी

उधम सिंह नगर के रुद्रपुर से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां एक ट्रैक्टर-ट्रॉली में लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया. बताया जा रहा है कि ट्रॉली में भरी गेहूं की पराली हाईटेंशन बिजली लाइन से टकरा गई, जिससे निकली चिंगारी ने पूरे वाहन को आग की चपेट में ले लिया. हालांकि समय रहते फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया और किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई.

उधम सिंह नगर रुद्रपुर में आज 28 अप्रैल फायर स्टेशन रुद्रपुर को पीएफटी के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि बागवाला क्षेत्र में एक ट्रैक्टर-ट्रॉली में आग लग गई है. सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग तुरंत सक्रिय हो गया और अग्निशमन अधिकारी महेश चंद्र के निर्देश पर एक फायर यूनिट को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया.

मौके पर पहुंची टीम ने देखा कि हरप्रीत सिंह पुत्र हरभजन सिंह निवासी बागवाला कि ट्रैक्टर-ट्रॉली (नंबर यूके-19-बी-9550) में गेहूं की पराली भरी हुई थी, जिसमें भीषण आग लगी हुई थी. आग इतनी तेजी से फैल रही थी कि कुछ ही समय में उसने पूरी ट्रॉली को अपनी चपेट में ले लिया और आसपास के क्षेत्र में भी खतरा बढ़ने लगा.

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए फायर यूनिट रुद्रपुर के साथ-साथ गदरपुर की फायर यूनिट को भी मौके पर बुलाया गया. अग्निशमन अधिकारी महेश चंद्र ने बताया कि ट्रॉली में भरी पराली सामान्य ऊंचाई से अधिक थी और रास्ते से गुजरते समय वह हाईटेंशन बिजली की तार से टकरा गई. इस टकराव से निकली चिंगारी ने पराली में आग लगा दी, जो देखते ही देखते भड़क उठी. दो फायर टेंडरों की मदद से आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया.

दमकल कर्मियों ने वाहनों से पंपिंग कर और हौजरील की सहायता से आग पर काबू पाने का प्रयास किया. कड़ी मशक्कत के बाद टीमों ने आग को पूरी तरह नियंत्रित कर लिया. स्थानीय लोगों के अनुसार भी आग लगने का मुख्य कारण बिजली के तार से निकली चिंगारी ही था.

गनीमत रही कि इस पूरी घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन ट्रैक्टर-ट्रॉली में भरी गेहूं की पराली पूरी तरह जलकर राख हो गई, जिससे मालिक को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है. प्रशासन ने इस घटना के बाद लोगों से अपील की है कि वे कृषि सामग्री को ले जाते समय सुरक्षा मानकों का पालन करें, खासकर ऊंचाई का ध्यान रखें ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके. साथ ही बिजली के तारों के नीचे से गुजरते समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *