पांवटा साहिब-देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग पर साइन बोर्ड, चेतावनी संतेक और लाइट आदि न लगाने से 10 दिन के भीतर 8 हादसे हो चुके हैं. जिसमें 3 लोग जान गंवा चुके हैं. ऐसे में कई बार नोटिस देने के बाद भी कमियां दूर न होने पर एनएच के संचालक प्रबंधक के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है. प्रेमनगर थाने में तैनात एसआई की शिकायत के आधार पर यह मुकदमा दर्ज हुआ है.
प्रेमनगर थाने के एसआई सतेंद्र कुमार ने एक शिकायत दर्ज कराई है. जिसमें उनका कहना है कि देहरादून से पांवटा साहिब के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग (NH 307) निर्माण किया गया है. यह रास्ता एक तरफा है और इसे पांवटा साहिब से आने वाले वाहनों के लिए तैयार किया गया है.
इस मार्ग पर साइन बोर्ड, रिफ्लेक्टर, चेतावनी संतेक और लाइट के इंतजाम नहीं है. ऐसे में प्रेमनगर चौक से गोल चौराहे की ओर जाने वाले वाहन इसी मार्ग पर चढ़ जाते हैं. उन्हें इस बात का बिल्कुल भी अंदाजा नहीं रहता है कि वे गलत दिशा में वाहन चला रहे हैं. करीब 4 किलोमीटर आगे गोल चौराहे के पास ही वहां नीचे उतर पाते हैं, ऐसे में सड़क हादसे बढ़ गए हैं.
पुलिस के मुताबिक, इस हाईवे पर साइन बोर्ड, रिफ्लेक्टर आदि न होने पर 10 दिन के भीतर 8 सड़क हादसे हो चुके हैं. जिसमें 3 लोगों ने अपनी जान गंवाई है. जबकि, 6 लोग गंभीर रूप से घायल भी हुए हैं.
बीती 8 अप्रैल को इसी मार्ग पर दो वाहनों की जोरदार टक्कर हो गई थी. इसमें भी एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था. उसके बाद 10 अप्रैल को हादसे में एक युवक की मौत हो गई और कई घायल हुए. इसके बाद भी कई घटनाएं सामने आई हैं.