चारधाम यात्रा 2026: हरिद्वार में कल से ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू, ट्रैफिक प्लान भी हुआ जारी

17 अप्रैल से हरिद्वार के ऋषिकुल मैदान में चारधाम यात्रा के लिए ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू हो जाएंगे. रजिस्ट्रेशन सेंटर में कुल 20 काउंटर बनाए गए हैं. पिछले कई दिनों से चल रही तैयारियां बृहस्पतिवार देर रात तक पूरी कर ली गईं. डीएम मयूर दीक्षित और एसएसपी नवनीत सिंह ने अधिकारियों के साथ रजिस्ट्रेशन सेंटर का निरीक्षण किया.

इस दौरान व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए श्रद्धालुओं को दी जाने वाली सुविधाओं की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सेंटर पर बैठने, पेयजल, पंखे और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं. इसके अलावा रजिस्ट्रेशन के बाद यात्रियों को आगे की यात्रा के लिए मार्गदर्शन देने के लिए स्टाफ भी तैनात किया गया है.

डीएम मयूर दीक्षित ने कहा चारधाम यात्रा पर जाने वाले किसी भी श्रद्धालु को रजिस्ट्रेशन के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा. इसके लिए ऋषिकुल मैदान में अस्थाई रजिस्ट्रेशन सेंटर बनकर तैयार हो गया है. यहां 20 काउंटर बनाए गए हैं. जिन पर स्टाफ की तैनाती भी कर दी गई है. यहां पर बिजली, पानी, शौचालय, बैठने की व्यवस्था इत्यादि की गई है. श्रद्धालुओं को गाइड करने के लिए टीम भी मौजूद रहेगी. होटल धर्मशालाओं में यदि बड़े ग्रुपों में श्रद्धालु आए तो, मोबाइल रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था की गई है. डीएम मयूर दीक्षित ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि सभी श्रद्धालु यहां आएं और बिना किसी असुविधा के आसानी से रजिस्ट्रेशन कराएं.

हरिद्वार एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया चारधाम यात्रा को लेकर सात अस्थाई चौकियां बनाई गई हैं. दस स्थानों पर टूरिस्ट बूथ बनाए गए हैं. एसडीआरएफ और एनडीआरएफ के साथ जल पुलिस के जवान घाटों पर तैनात रहेंगे. चारधाम यात्रा के लिए अलग से ट्रैफिक प्लान भी बनाया गया, जिसे लागू कर दिया गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *