उत्तराखंड में सेना का वाहन दुर्घटनाग्रस्त, दो जवान घायल, एक को एयरलिफ्ट कर भेजा गया हायर सेंटर

उत्तराखंड के चमोली जिले में बड़ा सड़क हादसा हुआ है. जहां गोपेश्वर-चोपता मोटर मार्ग पर सेना का एक वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा. इस हादसे में दो जवान गंभीर रूप से घायल हो गए. जिन्हें गोपेश्वर जिला अस्पताल ले जाया गया. जिसके बाद एक की गंभीर हालत को देखते हुए सेना के हेलीकॉप्टर से एयरलिफ्ट कर हायर सेंटर भेज दिया गया है.

जानकारी के मुताबिक, आज गुरुवार यानी 16 अप्रैल को गोपेश्वर-चोपता मोटर मार्ग सेना का वाहन अचानक नियंत्रित हो गया. जिससे वाहन करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरा. हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस प्रशासन को अवगत कराया. इसी बीच स्थानीय युवक प्रदीप रमोला, राहुल और अजय पंवार ने साहस एवं तत्परता का परिचय देते हुए राहत कार्य शुरू किया.

उन्होंने दोनों घायल जवानों को खाई से बाहर निकालकर अपनी निजी वाहन से जिला अस्पताल गोपेश्वर पहुंचाया, जिससे समय रहते उन्हें उपचार मिल सका. जिसमें दो जवान जांबाज सिंह और धवन सिंह गंभीर घायल हैं. अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद बताया कि जांबाज सिंह के सिर में हल्की चोट आई हैं. जबकि, धवन सिंह के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं. वो बेहोशी की हालत में है.

हादसे में घायल जवान-

  1. जांबाज सिंह पुत्र जय भगवान सिंह (उम्र 29 वर्ष), निवासी- भिवानी, हरियाणा
  2. धवन सिंह (उम्र 28 वर्ष)

वहीं, स्थिति गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने धवन सिंह को तत्काल हायर सेंटर रेफर कर दिया. सेना ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घायल जवान को एयरलिफ्ट कर उच्च चिकित्सा केंद्र भेज दिया है. बताया जा रहा है कि धवन सिंह अग्निवीर के रूप में देश की सेवा कर रहे हैं. दोनों जवान सिग्नल कंपनी, ज्योतिर्मठ में तैनात हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *