गंगनगर के किनारे कार में मिली दो लाश, पुलिस मामले की जांच में जुटी

हरिद्वार जिले के मंगलौर कोतवाली क्षेत्र में कार में दो व्यक्तियों की लाश मिली है. बताया जा रहा है कि कुछ लोगों ने गंगनहर किनारे झाड़ियों में रंग की कार क्षतिग्रस्त अवस्था में पड़ी हुई देखी थी. लोगों ने जब कार के पास जाकर देखा तो उसके अंदर दो युवकों के शव पड़े हुए थे. इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई. मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को बाहर निकाल कर अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिया और मामले की जांच पड़ताल में जुट गई.

जानकारी के मुताबिक 21 फरवरी शनिवार को मंगलौर कोतवाली क्षेत्र में राणा स्टील फैक्ट्री के पास गंगनहर पटरी किनारे एक सफेद रंग की कार क्षतिग्रस्त अवस्था में झाड़ियों में पड़ी हुई थी. 21 फरवरी शनिवार की सुबह जब वहां से गुजर रहे राहगीरों की नजर कार पर पड़ी तो उन्होंने पास जाकर देखा. कार के अंदर दो युवक मृत अवस्था में पड़े हुए थे. वहीं कार के अंदर एक साथ दो शव देखने पर उनके होश उड़ गए.

Haridwar

इसके बाद उन्होंने चेतक मोबाइल के कांस्टेबल दिनेश चौहान को सूचना दी गई कि गंगनहर किनारे एक कार (संख्या UK 17W 8001) दुर्घटनाग्रस्त हालत में पड़ी हुई है और उसमें दो व्यक्ति मृत अवस्था में हैं. इसी के साथ उन्होंने डायल 112 पर भी उक्त दुर्घटना की जानकारी दी. घटना की जानकारी मिलते ही मंगलौर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक राकेश डिमरी मय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया.

इसके बाद पुलिस ने राहगीरों की मदद से दोनों शवों को कार के अंदर से निकाल कर 108 एंबुलेंस के माध्यम से रुड़की के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया. शिनाख्त के लिए सीसीआर/डीसीआर को अवगत कराया गया. वहीं कुछ ही देर बाद मृतकों के परिजन सिविल अस्पताल पहुंच गए और रूबी पत्नी सचिन धीमान निवासी गणेशपुर रुड़की ने एक मृतक की पहचान अपने पति सचिन धीमान (38 वर्ष) पुत्र सुरेंद्र धीमान के रूप में की.

इसी के साथ विकास त्यागी पुत्र ब्रजभूषण त्यागी निवासी गली नंबर 10 राजेंद्र नगर रुड़की ने दूसरे मृतक की पहचान अपने भाई अमन त्यागी (35 वर्ष) के रूप में की है. इसके बाद पुलिस ने उच्चाधिकारियों को घटना की सूचना देते हुए पंचायतनामा की कार्रवाई शुरू की गई और उपनिरीक्षक राकेश डिमरी व कांस्टेबल पुनीत को आवश्यक कागजात के साथ पोस्टमार्टम और अग्रिम वैधानिक कार्रवाई के लिए मोर्चरी में भेजा गया है.

मंगलौर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह का कहना है कि प्रारंभिक रूप से मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर मामले की जांच पड़ताल कर रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *