हरिद्वार जिले में भीषण सड़क हादसे, एक युवक की मौत, व्यापारी नेता समेत कई लोग घायल

हरिद्वार जिले में लक्सर-रुड़की मार्ग पर एक कार अनियंत्रित होकर पलट गई. इस हादसे में कार सवार एक युवक की मौत हो गई. जबकि, कार सवार व्यापारी नेता और उनके परिजन गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों को गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है. उधर, पथरी थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में पिता पुत्र घायल हो गए.

जानकारी के मुताबिक, लक्सर निवासी व्यापारी नेता अजय वर्मा गुरूवार की शाम को अपने परिजनों के साथ रुड़की में एक विवाह समारोह में गए थे. देर रात को वो कार से वापस लौट रहे थे. कार उनका भतीजा शलभ चला रहा था. तभी लंढौरा के पास स्पीड ब्रेकर पर कार अनियंत्रित हो गई. जिससे कार सड़क पर पलट गई.

हादसे में शलभ वर्मा की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. जबकि, कार में सवार अजय वर्मा उनकी पत्नी सुनीता, शलभ की पत्नी मोहिनी और दो छोटे बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे की जानकारी पर अजय वर्मा के परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें अस्पताल ले जाया गया. जहां गंभीर घायलों को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया.

पोस्टमार्टम के बाद शुक्रवार को शलभ का शव लक्सर पहुंचा तो शोक की लहर दौड़ गई. पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन, नगर पालिका अध्यक्ष संजीव कुमार, पूर्व नपा अध्यक्ष अंबरीश गर्ग, व्यापार मंडल अध्यक्ष अतुल गुप्ता समेत तमाम लोग उनके घर पहुंचे और शोक जताया.

लक्सर क्षेत्र में रोजाना सड़क हादसे सामने आ रहे हैं. इसी कड़ी में पथरी थाना क्षेत्र में एक और सड़क हादसा हो गए. जहां छोटा हाथी वाहन की टक्कर में बाइक सवार पिता पुत्र घायल हो गए.

जानकारी के मुताबिक, शेरपुर कुंडी निवासी महेंद्र अपने बेटे शिवम के साथ बाइक से लक्सर जा रहे थे. जैसे ही वो जमदग्नि पब्लिक स्कूल के सामने पहुंचे. तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे टेंपो (छोटा हाथी) ने एक अन्य वाहन को ओवरटेक करने के दौरान उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी.

टक्कर इतनी भीषण थी कि पिता-पुत्र बाइक समेत सड़क पर उछलकर गिर पड़े और दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के समय पास के खेत में काम कर रहे किसान राजेंद्र सबसे पहले मौके पर पहुंचे और घायलों की मदद की.

देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और टेंपो चालक को पकड़ लिया गया. राहगीरों की मदद से घायलों को उसी टेंपो से लक्सर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया. जहां दोनों का उपचार जारी है.

बताया जा रहा है कि टेंपो चालक दोनों घायलों को अस्पताल में छोड़कर मौके से फरार हो गया. घटना के बाद स्थानीय लोगों में तेज रफ्तार वाहनों और ओवरटेक की लापरवाही को लेकर भारी नाराजगी देखी गई. लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो ऐसे हादसे यूं ही निर्दोष लोगों की जान जोखिम में डालते रहेंगे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *