आदि कैलाश और ओम पर्वत की यात्रा अब और भी ज्यादा सुविधाजनक होगी। यहां पर पर्यटकों के लिए सुविधाएं और कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए पर्यटन विभाग ने आईटीबीपी के साथ एमओयू साइन कर लिया है।
पीएम मोदी के आदि कैलाश के दौरे के बाद से इसे विकसित करने के लिए सरकार ने अपने प्रयासों में तेजी लाई है। यहां पर आने वाले पर्यटकों को सुविधाएं और बेहतर कनेक्टिविटी मिले इस लिए पर्यटन विभाग ने आईटीबीपी के साथ एमओयू साइन कर लिया है। इसके साथ ही अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी द्वारा पर्यटन विभाग को मानसखंड मंदिर माला मिशन की कार्ययोजना पर काम करने के निर्देश दिए गए हैं।
अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने शुक्रवार को सचिवालय में अधिकारियों के साथ बैठक की। इस बैठक में चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को मानसखंड के मंदिरों व आदि कैलाश यात्रा के लिए प्रोत्साहित करने पर चर्चा की गई।
इसके साथ ही अपर मुख्य सचिव ने लोक निर्माण विभाग को गढ़वाल एवं कुमाऊं क्षेत्र की कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए कार्य करने के साथ ही सीमावर्ती क्षेत्रों में सड़क, पुल निर्माण से संबंधित प्रस्ताव शीघ्र केंद्र को भेजने के निर्देश दिए।