देहरादून: विकासनगर में नाबालिग युवती की निर्मम हत्या, साथ गया चचेरा भाई लापता

देहरादून जिले के विकासनगर में अभी कश्मीरी शॉल विक्रेताओं के साथ हुई मारपीट का मामला शांत भी नहीं हुआ था, कि विकासनगर में ही एक नाबालिग युवती की लाश मिलने से हड़कंप मच गया. देहरादून पुलिस के मुताबिक घर से लगभग 100 मीटर की दूरी पर युवती की लाश मिली है. बताया जा रहा है लड़की अपने कजिन के साथ गई थी.

देहरादून एसएसपी अजय सिंह के मुताबिक, इस पूरी घटना की जांच की जा रही है. अजय सिंह के मुताबिक युवती का चचेरा भाई फरार चल रहा है. मौके पर FSL की टीम पहुंची हुई है.

बताया जा रहा है कि विकासनगर के चांदीपुर में एक युवती की हत्या कर दी गई है. अज्ञात हमलावरों ने युवती के सिर पर भारी वस्तु से वार किया और शव को सड़क किनारे झाड़ियों में फेंक दिया. पुलिस को मृतका के चाचा ताऊ के परिवार से ही एक युवक पर हत्या का शक है. घटना विकासनगर कोतवाली क्षेत्र में हुई है. इस जघन्य वारदात से पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है. लोग घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चा कर रहे हैं. दूसरी तरफ पुलिस जांच में जुटी हुई है.

पुलिस के सामने सबसे बड़ा चैलेंज ये है कि युवती जिस चचेरे भाई के साथ गई थी, वो आखिर कहां लापता हो गया. बड़ा सवाल ये है कि कहीं उसके साथ भी कोई वारदात हो गई है, या फिर उसका इस घटना से कोई संबंध है. चचेरे भाई को ढूंढने और पूछताछ के बाद ही इस घटना की कड़ियां जुड़ सकेंगी. फिलहाल पुलिस उस युवक को सरगर्मी से हर जगह तलाश रही है, क्योंकि वही इस घटना की अहम कड़ी है.

घटना को लेकर इतनी सरगर्मी है कि देहरादून के पुलिस कप्तान अजय सिंह खुद घटनास्थल पर विकासनगर पहुंच रहे हैं.

गौरतलब है कि देहरादून जिले के विकासनगर में बुधवार को दो कश्मीरी शॉल व्यापारियों ने भी उनके साथ मारपीट का आरोप लगाया था. पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज किया है. आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *