केदारनाथ हेली टिकट के नाम पर ठगी एवं ब्लैकमेल करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। रुद्रप्रयाग जिले के गुप्तकाशी थाने में कोलकाता के दिवेंदु दत्ता की तहरीर के आधार पर गत मई माह में हेली टिकट के नाम पर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया गया।
बताया कि जर्मनी से केदारनाथ यात्रा पर आए थे, फेसबुक पर केदारनाथ यात्रा के लिए हेलीकॉप्टर से यात्रा करने सम्बन्धी टिकट बुकिंग के लिए विज्ञापन देखा, दिए गए नम्बर पर हेली टिकट के लिए सम्पर्क किया। सम्पर्क पर आरोपी ने अपना नाम अनिकत उपाध्याय बताया, हेली टिकट की बुकिंग के लिए 48092 रुपये अपने खाते मे जमा करवा दिए, लेकिन जब दिवेंदु गुप्तकाशी हेलीपैड पहुंचे तो टिकट फर्जी होने का पता चला।
उन्होंने गुप्तकाशी में मामला दर्ज करवाया। पुलिस टीम ने एक आरोपी को वेस्ट बंगाल में गिरफ्तार किया गया। जिसे ट्रांजिट रिमांड पर गुप्तकाशी लाया गया। आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।आरोपी अफताब आलम उर्फ इकबाल उर्फ अनिकत पुत्र अब्दुल अजीज, निवासी विष्णुपुर थाना नकोटि, जिला बेगूसराय, बिहार हाल निवास गुलाम जिलानी खान रोड, तोपसिया थाना तिलजला, कोलकाता, बंगाल है।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक सुरेश कुमार सिंह व विजय शैलानी, आरक्षी जयप्रकाश व शैलेन्द्र शामिल थे। रुद्रप्रयाग पुलिस ने इस वर्ष हेलीकॉप्टर टिकटों के नाम पर ठगी करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध सात अभियोग पंजीकृत किए गए हैं।