उत्तराखंड में चारधाम यात्रा स्थगित, खराब मौसम के चलते लगाई रोक

उत्तराखंड में भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका को देखते हुए आपदा प्रबंधन विभाग ने मौसम साफ होने तक चारधाम यात्रा, हेमकुंड साहिब की यात्रा और ट्रेकिंग पर रोक लगा दी है।

दरअसल, 26 और 27 सितंबर को मौसम विभाग ने गढ़वाल मंडल के तमाम क्षेत्रों में ऑरेंज और रेड अलर्ट जारी किया है। वर्तमान में चारधाम यात्रा भी जोर शोर से चल रही है। मौसम की संभावित परिस्थितियों को देखते हुए शुक्रवार को आयुक्त गढ़वाल मंडल आनंद स्वरूप ने गढ़वाल मंडल के सभी जिलाधिकारी के साथ बैठक की थी।

बैठक के दौरान निर्णय लिया गया था कि चारधाम यात्रा को स्थगित नहीं किया जाएगा और भारी बारिश की स्थिति में यात्रियों की सुरक्षा के लिए परिस्थितियों के अनुसार यात्रियों को निकटतम होल्डिंग एरिया में रोका जाएगा। शुक्रवार को मौसम के हालात को देखते हुए गढ़वाल आयुक्त की ओर से यात्रा को मौसम साफ होने तक रोकने का निर्णय लिया गया है।

आपदा प्रबंधन विभाग के सचिव विनोद कुमार सुमन ने कहा कि शनिवार की दोपहर से चारधाम यात्रा रोकने की प्लानिंग हो रही है। ऐसे में रविवार की शाम तक या फिर मौसम सामान्य होने तक यात्रा रुकी रहेगी। हालांकि, कल शाम तक मौसम सामान्य होने की उम्मीद है। उसके बाद चारधाम यात्रा शुरू कर दी जाएगी।

सुमन ने बताया कि दोपहर तक मौसम थोड़ा साफ था, लेकिन शाम से काफी अधिक भारी बारिश होने की आशंका है। ऐसे में गंगोत्री के आसपास के क्षेत्र, केदारनाथ और बदरीनाथ धाम के आसपास के क्षेत्र में लगातार भारी बारिश होने की आशंका बनी हुई है। क्लाउड फॉर्मेशन बहुत ज्यादा हो गया है. लिहाजा, तेज बारिश होगी, जिस दौरान यात्रा करना सुरक्षित नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *