देहरादून के लोगों के लिए अच्छी खबर है। दून में बढ़ते ट्रैफिक से निजात दिलाने के लिए शहर में एक और एलिवेटेड रोड का निर्माण होने जा रहा है. आशारोड़ी से लेकर मोहकमपुर तक ये एलिवेटेड रोड (Asharodi to Mohkampur elivated road) प्रस्तावित है। इसके बनने के बाद देहरादून के लोगों के के साथ-साथ दूसरे राज्यों से आने वाले लोगों को भी सहूलियत मिलेगी।
देहरादून को एक ओर एलिवेटेड रोड की सौगात मिलने जा रही है। दरअसल राजधानी देहरादून में जाम के झाम के बढ़ते दबाव को देखते हुए धामी सरकार ने ये फैसला लिया है। आशारोड़ी से मोहकमपुर तक 12 किलोमीटर लंबी एलिवेटेड रोड के निर्माण की कवायद शुरु हो गई है। एलिवेटेड रोड निर्माण के लिए एलाइनमेंट का काम भी पूरा हो गया है। साथ ही एनएचएआई ने डीपीआर भी तैयार कर ली है।
राज्य सरकार ने तैयार की हुई डीपीआर (DPR) को केंद्र सरकार को भेज दिया है। प्रस्ताव पर मंजूरी के बाद भूमि अधिग्रहण का काम भी शुरू हो जाएगा। हालांकि पहले राज्य सरकार इसे लोक निर्माण विभाग के जरिए बनाने की तैयारी कर रही थी। लेकिन परियोजना की राष्ट्रीय महत्व को देखते हुए इसे नेशनल हाईवे अथॉरिटी (NHAI) को सौंप दिया है।
बता दें 15 हजार करोड़ की कुल लागत से आशारोड़ी से मोहकम्मपुर तक एलिवेटेड रोड का निर्माण होगा। इस रोड की कुल लंबाई 12 किलोमीटर होगी। जानकारी के लिए बता दें भविष्य में दून के कारगी चौक और रिस्पना सहित कई जगहों की सड़कों को एलिवेटेड रोड से जोड़ा जाएगा। आशारोड़ी-मोहकमपुर एलिवेटेड रोड को दिल्ली- देहरादून एक्सप्रेस से भी जोड़ा जाएगा। ऐसे में मोहकमपुर से मसूरी पहुंचना भी आसान हो जाएगा।
जानकारी के लिए आपको बता दें कि इससे पहले देहरादून में दो और एलिवेटेड रोड का निर्माण करवाया जा रहा है। जो रिस्पना और बिंदाल नदी पर होना है। रिस्पना और बिंदाल नदी पर बनने वाली एलिवेटेड रोड की कुल लागत 6100 करोड़ है। रिस्पना नदी पर बनने वाली रोड की कुल लंबाई 11 किलोमीटर है। जबकि बिंदाल पर बनने वाली रोड की लंबाई 15 किलोमीटर है। इस परियोजना के निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।