उत्तराखंड में फिर सड़क हादसा, कौड़ियाला में कार हादसे का शिकार

उत्तराखंड में आए दिन कहीं न कहीं सड़क हादसे हो रहे हैं. इन हादसों में कई लोग जान भी गंवा रहे हैं तो कई घायल हो रहे हैं. ताजा हादसा कौड़ियाला के पास हुआ है. जहां एक कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे जा गिरी. गनीमत रही कार पेड़ पर अटक गई. जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया. इस हादसे में कार सवारों को हल्की फुल्की चोटें आई है.

 जानकारी के मुताबिक, यह हादसा कौड़ियाला स्थित ताज होटल के पास हुआ. जहां एक कार संख्या UK 07 P 8707 अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से फिसलकर करीब 10 मीटर नीचे जाकर पेड़ पर अटक गई. कार में 3 पुरुष और 1 महिला सवार थे. हादसे के बाद कार सवारों में चीख पुकार मच गई. गनीमत रही कि सभी हल्की फुल्की चोटें आई.

वहीं, कार हादसे की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट ब्यासी से अपर उप निरीक्षक शेखर चंद्र जोशी के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई. जिसके बाद एसडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू अभियान शुरू किया और सभी को सुरक्षित बाहर निकाला.

इसके बाद सभी को तत्काल प्राथमिक उपचार दिया गया. एसडीआरएफ की टीम ने तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन से चार लोगों की जिंदगी बच पाई. बताया जा रहा है कि अगर कार पेड़ पर नहीं रुकती वो और नीचे जा सकती थी. जिससे अनहोनी भी हो सकती थी.

कार सवारों का विवरण-

  1. आशुतोष नेगी पुत्र अनूप नेगी (चालक)
  2. अनूप नेगी पुत्र स्व. सुरेंद्र नेगी
  3. मुकेश पुत्र वीरेंद्र सिंह
  4. मोनिका पत्नी मुकेश नेगी

बता दें कि बीती रोज भी चमोली जिले में बदरीनाथ हाईवे पर भनेरपानी के पास पहाड़ी से पत्थर सीधे टेंपो ट्रैवलर पर गिर गया था. जिससे टेंपो ट्रैवलर के आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. जिसकी वजह से चालक अंदर ही फंस गया. टेंपो ट्रैवलर में फंसे चालक को मौके पर मौजूद स्थानीय प्रशासन और बीआरओ की टीम ने बमुश्किल बाहर निकाला.

गनीमत रही कि इस हादसे में टेंपो ट्रैवलर में सवार यात्रियों को कोई चोट नहीं आई. सभी यात्री सुरक्षित रहे. चालक मामूली चोटिल हुआ, लेकिन पूरी तरह से खतरे से बाहर है. इन दिनों मानसून सीजन चल रहा है कि पहाड़ों में सड़कों पर जगह-जगह लैंडस्लाइड की घटनाएं हो रही है. इसके साथ ही बोल्डर और पत्थर गिरने के साथ ही मलबा भी आ रहा है.

ऐसे में पहाड़ों पर सावधानीपूर्वक सफर करें. इसके अलावा नदी नाले भी उफान पर हैं. ऐसे में नदी नालों को पार करने की कोशिश ना करें. पुलिस की अपील है कि मौसम का पूर्वानुमान और सड़क की स्थिति की जानकारी लेकर ही सफर पर निकलें. लिहाजा, बरसात के सीजन में बेहद सावधानी बरतें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *