टेंट हाउस में लगी भीषण आग, बाइक के साथ कुत्ता भी जिंदा जला, लाखों का सामान भी स्वाहा

गर्मी की तपिश के साथ ही आग लगने की घटनाएं भी बढ़ने लगी हैं. ताजा मामला मुखानी थाना क्षेत्र का है. यहां डहरिया स्थित एक टेंट हाउस में अचानक आग लग गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई. आनन फानन में फायर ब्रिगेड को बुलाया गया, लेकिन तब तक काफी सामान जलकर राख हो गया. आग की चपेट में आने से लाखों रुपए का सामान, बाइक और एक पालतू कुत्ता भी जल गया.

बताया जा रहा है कि पार्वती विहार में टेंट हाउस में मंगलवार को भीषण आग लग गई. आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास के लोगों में भी दहशत फैल गई. आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. एमके टेंट हाउस के मालिक महेश कबड़वाल ने बताया कि आग लगाने से करीब लाखों रुपए की टेंट सामग्री, एक बाइक और उनका पालतू कुत्ता जल गया.

उन्होंने बताया कि आशंका है कि पास में मौजूद शरारती तत्वों ने आग लगाई होगी. ये आरोपी कथित रूप से स्मैक का सेवन कर रहे थे और लापरवाही से जलती आग वहीं पर छोड़ गए. स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में नशेड़ी युवकों की आवाजाही आम बात हो गई है, जिन पर प्रशासन को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए. ताकि, आगे इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों.

फायर ब्रिगेड के अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है. प्रथम दृष्टया शरारती तत्वों की ओर से आग लगाने की सूचना सामने आ रही है. फिर भी पुलिस अपने स्तर से जांच कर रही है. मौके पर पहुंची अग्निशमन की दो गाड़ियों ने आग पर काबू पाया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *