भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने बीती 6 अप्रैल को उत्तराखंड में पार्टी का स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया. इस मौके पर प्रदेशभर में बीजेपी ने कई कार्यक्रमों का आयोजन किया था. वहीं कुछ कार्यकर्ता इस मौके पर केदारनाथ धाम भी पहुंच गए थे, जहां उन्होंने बीजेपी का स्थापना दिवस मनाया.
बता दें कि केदारनाथ धाम के कपाट फिलहाल बंद हैं. ऐसे में वहां पर किसी भी आम श्रद्धालु को जाने की अनुमति नहीं है. ऐसे में उत्तराखंड चारधाम तीर्थ पुरोहित महापंचायत के उपाध्यक्ष और केदार सभा के कार्यकारिणी सदस्य संतोष त्रिवेदी ने भाजपा कार्यकर्ताओं के केदारनाथ धाम में पार्टी का स्थापना दिवस मनाने पर नाराजगी जताई है.
संतोष त्रिवेदी ने कहा कि सनातन धर्म का हर अनुयायी जानता है कि बाबा केदारनाथ धाम के कपाट शीतकाल में 6 माह के लिए बंद हैं. इन 6 माह में केदारनाथ धाम में देव पूजा का विशेष महत्व है. इस दौरान कोई भी व्यक्ति धाम में धार्मिक अनुष्ठान नहीं कर सकता है. इसके साथ ही मंदिर के आमने-सामने जाना भी परंपरा के विरुद्ध है. ऐसे में केदारनाथ धाम से एक वीडियो सामने आता है. वीडियो में बीजेपी के कार्यकर्ता केदारनाथ धाम में भाजपा का स्थापना दिवस मनाते हुए नजर आ रहे हैं, जो सरासर गलत है. संतोष त्रिवेदी ने इसका विरोध किया है.