उत्तराखंड को अवैध नशा और ड्रग मुक्त प्रदेश बनाने के लिए पुलिस जोर-शोर से अभियान चला रही है. अभी तक राज्य के मैदानी जिलों हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में नशा तस्करों के एनकाउंटर हो रहे थे. अब पहली बार पहाड़ी जिले चंपावत में नशा तस्करों का एनकाउंटर हुआ है.
ताजा मामले में चंपावत जिले के बनबसा थाना क्षेत्र में एसओजी और बनबसा थाना पुलिस के साथ नशा तस्कर की मुठभेड़ हुई है. पुलिस के अनुसार बीती देर रात हुई इस मुठभेड़ में तस्कर द्वारा भागने के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग की गई. इसके जवाब में एसओजी और पुलिस द्वारा की गई फायरिंग में नानकमत्ता निवासी नशा तस्कर पैर में गोली लगने से घायल हुआ है. एसओजी द्वारा नशा तस्कर को गिरफ्तार किया गया है. उसके पास से 190 ग्राम स्मैक और तमंचा भी बरामद हुआ है.
चंपावत जिले के बनबसा थाना क्षेत्र में एसओजी इंचार्ज लक्ष्मण सिंह जगवाण के नेतृत्व में बनबसा पुलिस की स्मैक तस्कर से जगबुड़ा पुल से लगे इलाके में मुठभेड़ हुई है. इसमें स्मैक तस्कर ने पुलिस के ललकारने पर भागने की कोशिश की. पुलिस का कहना है कि इस दौरान एसओजी और पुलिस टीम पर नशा तस्कर ने फायर झोंके हैं. इस पर पुलिस की जवाबी कार्रवाई में चलाई गोली से नानकमत्ता निवासी स्मैक तस्कर पैर में गोली लगी और वो घायल हुआ है. वहीं एसओजी टीम ने घायल स्मैक तस्कर को गिरफ्तार कर इलाज हेतु टनकपुर अस्पताल में भर्ती करा दिया है.
चंपावत जिले में स्मैक तस्कर के एनकाउंटर का यह पहला मामला सामने आया है. इससे पूर्व उधम सिंह नगर, हरिद्वार और देहरादून जनपदों में नशा तस्करों के खिलाफ एनकाउंटर हो चुके हैं. एसओजी और पुलिस की नशा तश्कर के साथ मुठभेड़ सोमवार की मध्य रात्रि लगभग डेढ़ बजे हुई. एसओजी टीम इंचार्ज लक्ष्मण सिंह जगवाण के नेतृत्व में मिली सूचना पर बनबसा थाना पुलिस के साथ चेकिंग अभियान पर थी. इसी दौरान खटीमा की तरफ से आई बाइक को जब एसओजी टीम ने रोकने का प्रयास किया तो बाइक सवार ने बाइक को जगबूड़ा पुल से आगे हुड्डी नदी की तरफ दौड़ा दिया.