उत्तराखंड में 15 फरवरी से फायर सीजन शुरू हो चुका है. इस दौरान जंगलों में आग लगने की घटनाएं सबसे ज्यादा होती है. वहीं अब जैसे पारा-पारा चढ़ रहा है, आग की घटनाएं भी सामने आ रही है. ताजा मामला नैनीताल जिले के रामनगर से सामने आया है. रामनगर के आमडंडा इलाके में बने उत्तराखंड वन विकास निगम के लकड़ी डिपो में बुधवार सुबह को भीषण आग लग गई.
बताया जा रहा है कि आग इतनी भीषण थी कि उसने कुछ ही मिनटों में डिपो में रखी कीमती सागौन की लकड़ी को अपनी चपेट में ले लिया था. प्राथमिक तौर पर जो जानकारी सामने आई है, उसके अनुसार वन विभाग के कर्मचारियों ने जंगल में फायर लाइन काटने के लिए आग लगाई थी, तभी वो आग बेकाबू होकर लकड़ी डिपो तक पहुंच गई. इस आग ने वहां रखी कीमती लकड़ी के ढेर को अपनी चपेट में ले लिया था.
अधिकारियों के अनुसार इस हादसे में करीब 40 हजार रुपये की सागौन की लकड़ी जलकर राख हो गई. गनीमत रही कि समय रहते आग बुझा ली गई, वरना नुकसान और भी बड़ा हो सकता था.