उत्‍तराखंड की वादियों में वक्‍त बिताना चाहते हैं तो खबर आपके लिए, तीन पहाड़ी इलाकों के लिए शुरू होगी हेली सेवा – Kachchichithi

उत्‍तराखंड की वादियों में वक्‍त बिताना चाहते हैं तो खबर आपके लिए, तीन पहाड़ी इलाकों के लिए शुरू होगी हेली सेवा

नागरिक उड्डयन विभाग अब देहरादून के बाद हरिद्वार से भी गौचर, चिन्यालीसौड़ और गुप्तकाशी के लिए हेली सेवाओं का संचालन करने की तैयारी कर रहा है।इसका उद्देश्य पर्यटकों के साथ ही स्थानीय नागरिकों को भी हेली सेवा उपलब्ध कराना है। इसके लिए नागरिक उड्डयन विभाग ने यूकाडा (उत्तराखंड सिविल एविएशन डेवलपमेंट अथारिटी) को कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए हैं।

लगातार बढ़ रहा हेली सेवाओं का दायरा

प्रदेश में हेली सेवाओं का दायरा लगातार बढ़ रहा है। इस समय देहरादून व हल्द्वानी से विभिन्न पर्वतीय जिलों के लिए हेली सेवाओं का संचालन किया जा रहा है। ये हेली सेवाएं सफल भी हो रही हैं।

पर्यटन सीजन के दौरान इनमें आसानी से टिकट नहीं मिलते। यही कारण है कि नागरिक उड्डयन विभाग अब हेली सेवाओं के संचालन को नया क्षेत्र चुन रहा है। वर्तमान में देहरादून से गौचर व चिन्यालीसौड़ के लिए नियमित हेली सेवाएं चल रही हैं।
पर्यटकों को पहले आना पड़ता है देहरादून
गुप्तकाशी के लिए यात्रा के दौरान हेली सेवाओं का संचालन किया जाता है। ऐसे में इन स्थानों पर हेली सेवाओं के जरिये जाने वाले पर्यटकों को पहले देहरादून आना पड़ता है। अब प्रदेश सरकार की योजना हरिद्वार से ही पर्यटकों को हेली सेवा उपलब्ध कराने की है।

सबसे पहले हरिद्वार आते हैं अधिकांश यात्री

दरअसल, यात्रा व पर्यटन सीजन के दौरान अधिकांश यात्री सबसे पहले हरिद्वार आते हैं। इसके बाद वे अन्य स्थानों की ओर जाते हैं। हरिद्वार से कोई सीधी हेली सेवा न होने के कारण अधिकांश यात्री सफर सड़क मार्ग से करते हैं।हरिद्वार में हेलीपोर्ट का निर्माण चल रहा है। यहां हेलीपैड संचालित हो रहा है। ऐसे में नागरिक उड्डयन विभाग की योजना यहां से चारधामों के निकटवर्ती हेलीपोर्ट तक हेली सेवाएं देने की है।

चारधाम जाने के इच्छुक यात्रियों को मिलेगा खासा लाभ

उम्मीद जताई जा रही है कि इससे हेली सेवाओं के जरिये चारधाम जाने के इच्छुक यात्रियों को खासा लाभ मिलेगा। सचिव नागरिक उड्डयन दिलीप जावलकर का कहना है कि हरिद्वार से तीन स्थानों के लिए हेली सेवाएं शुरू की जानी प्रस्तावित हैं। इस पर कार्य चल रहा है। जल्द ही ये सेवाएं शुरू कर दी जाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *