लोकसभा चुनाव के दृष्टिगत भाजपा ने मीडिया समन्वय के लिए लोकसभा क्षेत्रवार प्रभारी नियुक्त कर दिए हैं। प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने सोमवार को पार्टी की मीडिया टीम के साथ हुई वर्चुअल बैठक में यह जानकारी दी।उन्होंने बताया कि चुनाव की दृष्टि से हरिद्वार रोड पर रिस्पना पुल के पास स्थित होटल में खोले गए प्रदेश मीडिया सेंटर का मंगलवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा के प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम व प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट उद्घाटन करेंगे।
चौहान ने बताया कि लोकसभा क्षेत्रवार नियुक्त किए गए मीडिया प्रभारियों में मानिक निधि शर्मा (टिहरी), संजीव वर्मा (हरिद्वार), कमलेश उनियाल (गढ़वाल), चंदन बिष्ट (नैनीताल- ऊधम सिंह नगर) व कोमल मेहता (अल्मोड़ा) शामिल हैं।
प्रदेश मीडिया सेंटर के समन्वय का जिम्मा राजेंद्र नेगी को सौंपा गया है। इसके अलावा रुटीन प्रेस ब्रीफिंग समेत अन्य कार्यक्रमों के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। चौहान ने मीडिया संबंधी गतिविधियों की विस्तार से जानकारी भी दी।
प्रदेश प्रवक्ता सुरेश जोशी ने कहा कि लोकसभा चुनाव में पार्टी प्रत्याशियों की जीत को शानदार बनाने के लिए सभी को प्रयास करना है।
उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकारों की उपलब्धियों और कल्याणकारी योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी जोर दिया। प्रदेश प्रवक्ता व विधायक खजानदास व दायित्वधारी डा देवेंद्र भसीन ने भी पार्टी की मीडिया टीम को टिप्स दिए।