वित्तमंत्री निर्मला सीतारमन ने आज देश का अंतरिम बजट पेश कर दिया है। इस बीच उत्तराखंड ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्र सरकार के बजट की सरहाना की है। सीएम धामी ने कहा वित्तमंत्री ने भारतवासियों के लिए एक गतिशील एवं विकासोन्मुखी बजट पेश किया है।
सीएम धामी ने कहा समावेशी विकास के साथ ही यह बजट नए भारत के इंफ्रास्ट्रक्चर, कनेक्टिविटी, कृषि, महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य, पर्यटन जैसे विभिन्न क्षेत्रों को नए आयाम प्रदान करेगा। जिसके द्वारा विकसित भारत 2047 के विजन को सार्थकता मिलेगी। पीएम मोदी के नेतृत्व में आज देश का चहुंमुखी विकास हो रहा है। यह बजट पीएम के संकल्प के अनुरूप भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में मील का पत्थर साबित होगा।
सीएम धामी ने कहा कि अंतरिम बजट में पर्यटन, उद्योग, हवाई कनेक्टिविटी पर भी खास जोर दिया गया है। इससे उत्तराखंड में पर्यटन विकास को पंख लगेंगे और औद्योगिक निवेश की ग्राउंडिंग में और तेजी आएगी। प्रदेश सरकार पीएम मोदी के विजन के अनुरूप उत्तराखंड को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने के लिए संकल्पित है। यह अंतरिम बजट इस संकल्प को पूरा करने की दिशा में सहायक बनेगा।