नाबालिग के साथ होटल में रेप, हल्द्वानी का मामला, छात्र संघ अध्यक्ष प्रत्याशी रहे समेत चार पर मुकदमा दर्ज – Kachchichithi

नाबालिग के साथ होटल में रेप, हल्द्वानी का मामला, छात्र संघ अध्यक्ष प्रत्याशी रहे समेत चार पर मुकदमा दर्ज

नैनीताल जिला मुख्यालय हल्द्वानी में नाबालिग लड़की के साथ रेप मामला सामने आया है. इस मामले में पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. आरोपियों में से एक आरोपी का नाम धीरज बिष्ट है, जो छात्र संघ अध्यक्ष पद का चुनाव भी लड़ चुका है. फिलहाल चारों आरोपी फरार है, जिनकी पुलिस तलाश में जुटी हुई है.

जानकारी के मुताबिक ये पूरा मामला हल्द्वानी के मुखानी थाना क्षेत्र का है. पीड़िता ने इस मामले में पुलिस को तहरीर दी है. तहरीर में पीड़िता ने बताया कि चारों युवक रात में उसको मुखानी क्षेत्र स्थित एक होटल में ले गए थे, जहां उनके साथ दुष्कर्म किया गया. घटना के बाद किशोरी की स्थिति बिगड़ने की बात भी सामने आई है.

पीड़िता की शिकायत के अनुसार जब वो अपने घर पहुंची तो उसकी हालत देखकर परिजनों ने उससे इसका कारण पूछा. इसके बाद पीड़िता ने परिजनों को आपबीती बताई. पीड़िता की आपबीती सुन परिजन शुक्रवार को उसे पुलिस के पास लेकर पहुंचे. इसके बाद पीड़िता ने पुलिस को शिकायत दी. उसी शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया.

पुलिस ने शिकायत के आधार पर धीरज बिष्ट, नीतीश पाल, अंश खत्री और हिमांशु गौनी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है. चारों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें तलाश में जुटी हैं.

एसपी सिटी हरबंस सिंह ने बताया कि मामले में नामजद आरोपियों की तलाश की जा रही है. पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा. फिलहाल पुलिस किशोरी के बयान, घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए किशोरी की पहचान गोपनीय रखी जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *