उत्तराखंड की रिया ने IGNOU की M.A. POLS परीक्षा में किया ऑल इंडिया टॉप, राष्ट्रपति ने किया सम्मानित – Kachchichithi

उत्तराखंड की रिया ने IGNOU की M.A. POLS परीक्षा में किया ऑल इंडिया टॉप, राष्ट्रपति ने किया सम्मानित

उधम सिंह नगर जिले के खटीमा निवासी रिया ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर क्षेत्र का मान बढ़ाया है. इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय की एमए राजनीतिक विज्ञान परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक-1 हासिल कर रिया ने इतिहास रच दिया है. उनकी इस शानदार उपलब्धि पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित किया है. खास बात यह है कि रिया अब तक 13 प्रतियोगी परीक्षाएं भी पास कर चुकी हैं और उनका अगला लक्ष्य देश की सबसे प्रतिष्ठित परीक्षा यूपीएससी क्रैक करना है. शनिवार को खटीमा पहुंचने पर नगर वासियों ने उनका भव्य स्वागत और सम्मान किया.

सीमांत क्षेत्र की मेधावी छात्रा रिया ने अपनी प्रतिभा, कड़ी मेहनत और लगन के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर खटीमा का नाम रोशन किया है. इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय की राजनीतिक विज्ञान की परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक-1 हासिल कर रिया ने बड़ी उपलब्धि प्राप्त की है. उनकी इस सफलता पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें बीते 10 नवंबर को राष्ट्रपति पुरुस्कार से सम्मानित किया है.

रिया की इस उपलब्धि पर नगर वासियों ने सम्मान समारोह आयोजित कर फूल मालाओं के साथ उनका भव्य स्वागत किया. उनकी सफलता पर नगरवासी विशाल मौर्य और प्रवक्ता पंकज कुमार ने खुशी जताते हुए इसे पूरे क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया.

इस मौके पर रिया ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, गुरुजनों और दिल्ली क्लासेस के शिक्षकों को दिया. उन्होंने बताया कि पढ़ाई के दौरान साथी छात्राओं का भी समय-समय पर सहयोग मिला.

रिया की इस उपलब्धि से उनके परिजनों, शिक्षकों और क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है. स्थानीय लोगों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की. उनकी सफलता क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी. रिया ने इससे पहले 13 प्रतियोगी परीक्षाएं पास की हैं. रिया का लक्ष्य यूपीएससी परीक्षा को क्रैक करना है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *